दलबदलुओं की बदलती गई किस्मत, लेकिन सेवा का नहीं मिला फल

आलोक कुमार

राजनीतिक दलों में अनुशासन की परिभाषा टिकट वितरण के बाद स्पष्ट हो गई। इसमें ये भी साफ हुआ कि कलियुग की इस लड़ाई में वैसे लोगों की पूछ नहीं रह गई, जो नीति व सिद्धांत को लेकर पार्टी की जीवन भर सेवा करते रहे हैं। आज हम पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मंराडी की पार्टी जेवीएम यानि झारखंड विकास मोर्चा की सेवा करने वाले वैसे खास सख्श की चर्चा कर रहे हैं, जिन्होंने अपना पूरा जीवन व ताकत इसे सींचने व मजबूत करने में लगा दिया, लेकिन इसका मुआवजा नहीं मांगा। यूं कहें कि इन्होंने चुनाव लड़ने के लिए कभी टिकट की मांग नहीं की।

हम बात कर रहे हैं जमुआ के महेंद्र तुरी की, जिन्होंने 2006 से लेकर अब तक अनव्रत पार्टी सेवा को ही अपना लक्ष्य माना। 2010 में अर्जुन मुंडा की सरकार में किये गए घेरा डालो-डेरा डालो आंदोलन के क्रम में प्रशासन द्वारा किये गए लाठी चार्ज में इनका न सिर्फ पैर टूटा, बल्कि सिर पर गंभीर चोट आने के कारण खून जम गया। एक महीने तक राजधानी के रिम्स में इलाजरत रहे व नौबत सर्जरी की आ गई, लेकिन चिकित्सकों की सलाह पर दवा लेकर ठीक हो गए। झारखंड में 2019 का विधानसभा चुनाव को लेकर सभी पार्टियां अपने प्रत्याशी का ऐलान कर रहे हैं और आज पहले चरण के नामांकन का दौर भी खत्म हो चुका है। झारखंड में विभिन्न दलों में दलबदलुओं की इस बार चांदी है।

इसी कड़ी में जेवीएम भी शामिल है, हालांकि अब तक हुए चुनाव में इसके सुप्रीमो बाबूलाल को जीतने वाले विधायकों ने दगा ही दिया है, बावजूद दलबदलुओं का खेल ही हावी है। पार्टी ने इस बार विस चुनाव में देवघर से जेएमएम छोड़कर आईं निर्मला भारती, आजसू छोड़कर गोमिया से आए गौतम तिवारी, तमाड़ में कांग्रेस छोड़कर पंहुचे प्रेमशाही मुंडा और मंझगांव में भी काँग्रेस से आए जोसेफ पूर्ति को टिकट दिया है। टिकट वितरण समारोह में सेवकों को तरजीह नहीं दिया जाना सिद्धांत को दर्शाता है, हालांकि महेंद्र तुरी पर पूछे गए सवाल के जवाब में बाबूलाल मंराडी कहते हैं, कि वे कार्यकर्ताओं के हितैषी हैं और उनके हित में निर्णय लिया जाएगा।

बड़ी बात यह कि श्री तुरी ने कभी टिकट की मांग नही की, लेकिन कार्यकर्ताओं ने इनके लिए मोर्चा खोल रखा है। बहरहाल ऐसे में एक कहावत याद आती है कि बोए बीज बबूल के तो आम कहां से खाएं, झारखंड विधानसभा चुनावों में राजनीतिक दलों के हालात इसी स्थिति को बंया कर रहे हैं। प्रमुख राजनीतिक दलों व उनके उम्मीदवारों के सिद्धान्तों का मुखौटा उतर गया है। राजनीतिक दलों में टिकटों को लेकर घमासान मचा हुआ है। संभावित दावेदार बगावत पर उतारू हैं। राष्ट्रीय हों या क्षेत्रीय, सभी राजनीतिक दलों को बगावत की मुसीबत से जूझना पड़ रहा है।

टिकट से वंचित दावेदार अधिकृत प्रत्याशियों के सामने ताल ठोंक रहे हैं। सभी दल डैमेज कंट्रोल की कवायद में लगे हुए हैं। टिकट वितरण की समस्या सभी दलों के लिए पहाड़ जैसी हो गई है। भाजपा, कांग्रेस सहित अन्य दलों ने प्रत्याशियों के चयन के लिए अलग-अलग फार्मूले निकाले, किंतु दावेदारों की भीड़ के सामने सब फेल हो गए। अनुशासन और पार्टी लाइन की धज्जियां उड़ गईं। कई क्षेत्रों में अधिकृत प्रत्याशियों के सामने एक पार्टी के कई कई दावेदार कतार में हैं। पार्टियों के लाख समझाने के बावजूद दावेदार शक्ति प्रदर्शन में पीछे नहीं रह रहे हैं।

 

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More