विधानसभा चुनाव : झारखंड में 2.26 करोड़ मतदाता, नए लिस्ट में जुड़े 1.93 लाख मतदाता

समृद्ध डेस्क : झारखंड में किसी भी वक्त विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान सम्भव है। 81 विधानसभा सीट के लिए होने वाले मतदान में राज्य के 2.26 करोड़ मतदाता अपना मताधिकार का प्रयोग करने वाले हैं। ये संख्या एक महीने पूर्व विशेष मतदाता सूची पुनरीक्षण के अंतिम मतदाता सूची के आधार पर है। पुनरीक्षण में 1 लाख 6 हज़ार 872 महिला व 86 हजार 864 पुरुष नए मतदाता के रूप में शामिल किए गए हैं। जिससे राज्य में 1,18,16,098 पुरुष और 1,08,01,274 महिला यानी की कुल मतदाताओं की संख्या 2 करोड़ 26 लाख 17 हज़ार 372 हो गई है।
बता दें कि इसी सूची के आधार पर झारखंड में विधानसभा चुनाव सम्पन्न कराया जाएगा। वहीं चुनाव की बात करें तो 1 से अधिक चरणों में चुनाव होने की संभावना है। सूत्रों की मानें तो नवंबर के अंत में या दिसम्बर से पहले सप्ताह से चुनाव शुरू हो जाएंगे। गौरतलब है कि राज्य विधानसभा का कार्यकाल 5 जनवरी 2020 को पूरा हो रहा है। जिसके पहले चुनाव की सारी प्रक्रिया को सम्पन्न करा लिया जाना है।


