लाइसेंसधारी 5 नवंबर तक हथियार जमा करें: डीसी

रांची: भावी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। इस दौरान पूरी तरह से शांति स्थापित करने व स्वच्छ तथा भयमुक्त तरीके से चुनाव संपन्न कराने के लिए रांची के उपायुक्त राय महिमापत रे ने लाइसेंसी हथियार धारकों को 25 अक्टूबर से लेकर 5 नवंबर तक अपने हथियार को जमा कराने का निर्देश जारी किया है।

हथियार धारक अपना लाइसेंसी हथियार संबंधित थाना, ओपी या अधिकृत शस्त्र विक्रेता के दुकान में जमा करेंगे। इस बाबत डीसी द्वारा सभी थाना प्रभारियों व ओपी प्रभारी को निर्देश दिया गया है, कि वे अपने स्तर से इस बाबत धारक को सूचित कर हथियार जमा कराएं। थाना प्रभारी, ओपी प्रभारी और शस्त्र विक्रेताओं से कहा गया है कि हथियार जमा कराये जाने संबंधी प्रतिवेदन डीसी, एसएसपी व एडीएम लॉ एंड ऑर्डर को निश्चित रूप से उपलब्ध कराएं।

गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव के समय रांची में 3312 लाइसेंसधारी थे, लेकिन अभी यह संख्या केवल 3260 है। विभिन्न कारणों से 52 हथियारों का लाइसेंस रद्द कर दिया गया। जल्द ही कुछ अन्य लाइसेंस को रद्द किया जा सकता है। लोकसभा में कई लोगों ने अपने हथियार जमा नहीं किये थे, लिहाजा उन्हें नोटिस भेजा जा रहा है। इस बार डीसी ने दो टूक कह दिया है कि हथियार नहीं जमा करनेवालों के खिलाफ शस्त्र अधिनियम-नियमावली के अंतर्गत कार्रवाई की जाएगी। हालांकि सुरक्षा के दृष्टिकोण से कुछ लोगों को राहत देते हुए लाइसेंस धारी कारणों का हवाला देते हुए हथियार रख सकते हैं। इसके लिए वे विधिवत आवेदन दें।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More