डीसी ने की मजदूर यूनियन के साथ बैठक

रामगढ़: उपायुक्त संदीप सिंह ने सोमवार को आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर जिले के विभिन्न मजदूर यूनियन के प्रतिनिधियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि रामगढ़ एक माइनिंग बहुल क्षेत्र है व यहां भारी मात्रा में लोग अपने रोजगार हेतु इस पर आश्रित हैं। माइनिंग गतिविधियों पर आश्रित हैं। ऐसे में यह बहुत जरूरी है कि उन्हें उनके मताधिकार के प्रति जागरूक किया जाए।

खासकर वैसे इलाके जहां पर लोकसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत 40 फीसदी से कम रहा है, वहां पर लोगों को मतदान के प्रति जागरूक करने की जरूरत है। उपायुक्त ने कहा कि मतदान के दिन जिला प्रशासन की तरफ से अवकाश घोषित किया जाता है। इसके बावजूद देखा जाता है कि कई जगहों पर मतदान के दिन भी कारखाने या अन्य कार्यालय खुले रहने के कारण लोग मतदान नहीं कर पाते हैं। ऐसा किसी भी हाल में नहीं होना चाहिए।

श्री सिंह ने जिले के विभिन्न यूनियनों के प्रतिनिधियों से भी माइनिंग क्षेत्रों में किस प्रकार से मतदान प्रतिशत बढ़ाया जाए, इसे लेकर सुझाव मांगा। मजदून यूनियन के लेागों ने कहा कि कई जगहों पर लोग सेवानिवृत्त हो चुके हैं उसके बावजूद उनका नाम मतदाता सूची से नहीं हटा है। जिसके कारण कुछ माइनिंग क्षेत्रों में कम मतदान प्रतिशत दर्ज किया जा रहा है। जिस पर उपायुक्त द्वारा कहा गया कि फिलहाल जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि जो लोग क्षेत्र में होते हुए भी अपने मताधिकार का प्रयोग नहीं कर रहे हैं, उन्हें उनके मताधिकार के प्रति जागरूक किया जाए। बैठक में उप विकास आयुक्त, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी सहित जिले के विभिन्न मजदूर यूनियनों के प्रतिनिधि मौजूद थे।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More