रांची: कम पानी में अच्छी खेती के गुर सीखने के लिए प्रदेश के 24 किसानों का दल इजरायल रवाना हो गया। रांची एयरपोर्ट पर किसानों ने राज्य सरकार इस पहल का तहे दिल से शुक्रिया अदा किया है। किसानों को पाकुड़ उपायुक्त कुलदीप चौधरी के नेतृत्व में इजरायल भेजा गया है।
गौरतलब है कि राज्य सरकार द्वारा अब तक 71 किसानों को इजरायल भेजकर आधुनिक खेती के बारे में सिखाया जा चुका है और ये किसानों का चौथा दल है, जो मंगलवार को इजरायल रवाना हुआ है। इजरायल से वापस पंहुचने के बाद ये किसान बाकि किसानों को आधुनिक खेती का लाभ बताएंगे। इजरायल जाने वाले किसानों में अंबिका प्रसाद कुशवाहा (देवघर), राजेंद्र यादव (देवघर), जगदीश रजक (धनबाद), रघुनंदन कुमार (धनबाद), रमेश हांसदा (दुमका), राम प्रताप महतो (पूर्वी सिंहभूम), सिदम चंद्र मुर्मू (पूर्वी सिंहभूम), आनंद कुमार (गढ़वा), धर्मेंद्र कुमार मेहता (गढ़वा), कुमार विवेकानंद (गिरिडीह), लक्ष्मण महतो (गिरिडीह), नीतीश आनंद (गोड्डा), शशिकर झा (गोड्डा), अनिम मिंज (गुमला), दिलीप कुमार (खूंटी), तुलसी महतो (खूंटी), मिथेन्द्र लकड़ा (लातेहार), अरुण चंद्र गुप्ता (रांची), सुखदेव उरांव (रांची), गनसु महतो (रांची), राजेश कुमार यादव (साहिबगंज), रमेश चंद्र रविदास (साहिबगंज), रमेश पूर्ति (पश्चिम सिंहभूम) व मार्कस बोदरा (पश्चिम सिंहभूम) शामिल हैं।
किसानों के साथ इजरायल जानेवाले समूह में डीसी पाकुड़ के अलावे डिप्टी डायरेक्टर विकास कुमार और रांची जिला भूमि संरक्षण पदाधिकारी अनिल कुमार शामिल हैं। इस दल ने इससे पूर्व सोमवार को सीएम आवास पर जाकर उनसे मुलाकात की थी। सीएम ने कहा था कि किसानों का पूर्ण विकास सरकार की प्राथमिकता है और वे बदलते जमाने की तकनीक से अवगत होकर झारखंड में भी इसे अपनाएं। गौरतलब हो कि इजरायल में कम पानी में ही बेहतर खेती की जाती है।