आईपीएल की तर्ज पर फिर होगी जीपीएल

आर्यन सिन्हा
गांवा(गिरिडीह): ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी प्रतिभा को निखारने व उनके कौशल विकास को उचित प्लेटफॉर्म देने के उद्देश्य से गावां के क्रिकेट प्रेमियों ने लगातार तीसरे साल प्रखण्ड स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया है। इस टूर्नामेंट का प्रारूप पूरी तरह आईपीएल की तर्ज पर बनाया गया है। टूर्नामेंट में गावां प्रखंड के ही चुनिंदा 120 खिलाडियों को बांटकर आठ टीमें तैयार की जायेगी जिसके बीच मुकाबला होगा। इस टूर्नामेंट में खिलाड़ियों की बोली लगाई जायेगी जिसके आधार पर गावां प्रखण्ड के ही जाने माने आठ फ्रेंचाइजी होंगे जो टीम खर्च का वहन करेंगे।
रविवार को जीपीएल सीजन तीन की तैयारी को ले गावां वन विश्रामागार में आयोजक समिति व फ्रेंचाइजी की बैठक आयोजित की गई बैठक में टूर्नामेंट की तैयारी पर चर्चा की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि सोमवार से खिलाडियों का पंजीकरण शुरू हो जाएगा।
जो भी खिलाड़ी टूर्नामेंट में भाग लेना चाहते हैं वे अपना परिचय पत्र व फ़ोटो के साथ फार्म भरेंगे। फार्म भरने की अंतिम तिथि 25 मार्च होगी साथ ही 29 मार्च को खिलाड़ियों की बोली लगाई जायेगी। आगामी 5 अप्रैल से टूर्नामेंट की शुरुआत होगी। आयोजक समिति के संयोजक संदीप बर्णवाल ने बताया कि टूर्नामेंट में विजेता टीम को 30 हजार व उपविजेता को 20 हजार नकद पुरस्कार के साथ ट्रॉफी प्रदान की जायेगी।
बैठक में कंप्यूटर पैलेस के गौतम चौधरी, केडी टीचर ट्रेनिंग कॉलेज के दीपक कुमार, सोनी चूड़ी हाउस के अमित बर्णवाल, सेरुआ के दिनेश कुमार, होलीफेथ स्कूल के अरुण चौधरी समेत मो जीशान खान, मुबारक खान, रोशन कुमार, चंदन सिंह, संतोष कुमार, आकाश कुमार समेत दर्जनों खिलाडी उपस्थित थे।


