ऑटो पार्ट्स दुकान में लगी आग, लाखों का सामान जलकर ख़ाक

गिरिडीह: धनवार बाजार मेन रोड स्थित महेंद्र वर्णवाल की ऑटो पार्ट्स दुकान के गोदाम में मंगलवार लगभग 04:15 बजे अचानक आग लग गई। जबतक लोगों को आगलगी की घटना की जानकारी मिलती तबतक आग ने विकराल रूप ले लिया। बता दें ऑटो पार्ट्स दुकान के ठीक उपर पहली मंजिल पर सामने भाग में झारखंड ग्रामीण बैंक की शाखा भी संचालित होती है। इस कारण लोगों ने बैंक शाखा में आग लगने की अफवाह उड़ा दी। इससे सरकारी महकमे में भी खलबली मच गई।
आम और खास सभी लोग आग बुझाने के प्रयास में जुट गए। आग से बैंक शाखा को कोई नुकसान ना हो इसके लिए पदाधिकारीगण भी सक्रिय हो गए व आगलगी की सूचना जिला को देते हुए दमकल की मांग की। इस बीच कुछ जाबांज युवक बैंक से जल्दी कागजात निकालने में जुट गए। वहीं अगल-बगल की दुकाने भी खाली करायी जाने लगी। धुंआ और लपटों की विकरालता को देखते हुए तत्काल कोई भी आग के समीप जाने का हिम्मत नही जुटा पा रहा था। बाद में स्थानीय लोगों की मदद से डीजल मशीन के सहारे आग पर काबू पाने की कोशिश में जुट गए।
मौके पर पहुंचे एसडीपीओ प्रभात रंजन बरवार, बीडीओ प्यारे लाल, कार्यपालक दंडाधिकारी नरेश वर्मा, थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह, सीओ शशिकांत सिंकर के अलावे पंचायत प्रतिनिधियों के सहयोग से पानी टैंकर की भी व्यवस्था कराई गई। अंततः सबों के सामूहिक प्रयास से आग पर काबू पा लिया गया। लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सवा पांच बजे तक आग पर काबू पा लिया गया। हालांकि तब-तक आग ने लाखों का नुकसान कर दिया था। इस घटना में ऑटो पॉट्स मोबाइल, टायर जलकर राख हो चुके थे। इस आग लगी में पांच से छह लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है। आग कैसे लगी इसका खुलासा नही हो पा रहा है।




