सावधान! व्हाट्सऐप वेब से हो सकता है आपका अकाउंट हैक, आई4सी ने जारी की एडवाइजरी

व्हाट्सऐप वेब इस्तेमाल में सावधानी बरतने की सलाह

नई दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्रालय के भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (आई4सी) ने व्हाट्सऐप वेब के सुरक्षित इस्तेमाल को लेकर परामर्श जारी करते हुए उपयोगकर्ताओं को सावधानी बरतने की सलाह दी है। इसमें कहा गया है कि व्हाट्सऐप वेब का सक्रिय सत्र कुछ परिस्थितियों में उपयोगकर्ता के खाते तक अनधिकृत पहुंच का माध्यम बन सकता है। इसके जरिए साइबर अपराधी संदेश पढ़ने, उपयोगकर्ता की पहचान से दूसरों को संदेश भेजने और संपर्कों तथा समूहों की बातचीत तक पहुंच बनाने में सक्षम हो सकते हैं।

सक्रिय सत्र से खाते तक पहुंच बना सकते हैं साइबर अपराधी

राष्ट्रीय साइबर अपराध खतरा विश्लेषण इकाई (एनसीटीएयू) के परामर्श के अनुसार, व्हाट्सऐप वेब के दुरुपयोग से धोखाधड़ी, फिशिंग और सोशल इंजीनियरिंग जैसी साइबर आपराधिक गतिविधियों को अंजाम दिया जा सकता है। ऐसे में विशेष रूप से कार्यालयों, साझा प्रणालियों, सार्वजनिक कंप्यूटरों और दूसरे व्यक्तियों की पहुंच वाले उपकरणों पर इसका इस्तेमाल करते समय सतर्क रहने की जरूरत है।

संवेदनशील जानकारी के लिए इस्तेमाल से बचने की सलाह

परामर्श में सरकारी, संगठनात्मक, वित्तीय, गोपनीय और अन्य संवेदनशील सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए कंप्यूटर पर व्हाट्सऐप वेब का इस्तेमाल नहीं करने की सलाह दी गई है। साथ ही, जरूरत नहीं होने पर व्हाट्सऐप वेब को लगातार लॉगइन रखने से बचने को कहा गया है।

टैब बंद करना नहीं, लॉगआउट करना जरूरी

आई4सी ने उपयोगकर्ताओं को प्रत्येक सत्र पूरा होने के बाद व्हाट्सऐप वेब से अनिवार्य रूप से लॉगआउट करने की सलाह दी है। परामर्श में स्पष्ट किया गया है कि केवल ब्राउजर की विंडो या टैब बंद कर देना लॉगआउट करने के समान नहीं है। यदि अस्थायी रूप से व्हाट्सऐप वेब का इस्तेमाल करना जरूरी हो तो किसी भरोसेमंद कंप्यूटर पर इनकॉग्निटो या निजी ब्राउजिंग मोड का इस्तेमाल किया जा सकता है। हालांकि, ब्राउजर बंद करने से पहले मैन्युअल रूप से लॉगआउट करना भी जरूरी है।

साइबर कैफे और सार्वजनिक कंप्यूटरों पर न करें लॉगइन

परामर्श में साइबर कैफे, सार्वजनिक कियोस्क, होटल के बिजनेस सेंटर, उधार लिए गए कंप्यूटर और अन्य अविश्वसनीय प्रणालियों पर व्हाट्सऐप वेब में लॉगइन नहीं करने को कहा गया है। इसके अलावा, खाते से अपने आप संदेश भेजे जाने, संपर्कों की ओर से असामान्य जवाब मिलने या किसी अन्य संदिग्ध गतिविधि को गंभीरता से लेने की सलाह दी गई है।

ब्राउजर और सुरक्षा सॉफ्टवेयर अपडेट रखें

आई4सी ने उपयोगकर्ताओं को अपने उपकरणों के ऑपरेटिंग सिस्टम, ब्राउजर और सुरक्षा सॉफ्टवेयर को नियमित रूप से अपडेट रखने तथा संदिग्ध डाउनलोड, अनजान फाइलों, क्रैक सॉफ्टवेयर और अविश्वसनीय अटैचमेंट से बचने को भी कहा है।

संगठनों को भी दी गई सलाह

परामर्श में संगठनों को विशेष रूप से सलाह दी गई है कि आधिकारिक और संवेदनशील कार्यों के लिए कार्यालयों में व्हाट्सऐप वेब के इस्तेमाल से बचें। इसमें स्पष्ट किया गया है कि सतर्क रहें, प्रत्येक सत्र के बाद लॉगआउट करें और अपनी डिजिटल पहचान सुरक्षित रखें।

लेखक के बारे में

By Mohit Sinha

Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.

Read More