इंसान अपने अच्छे कर्मों से ही याद किये जाते

इंसान चले जाते हैं, लेकिन उनके अच्छे कर्म रह जाते हैं। यह तस्वीर जनसंघ और भाजपा के वरिष्ठ नेता रहे आरके सिन्हा के श्राद्ध की है। राजद नेता लालू प्रसाद अपनी पुत्री रोहिणी आचार्य, मीसा भारती के साथ उनको श्रद्धांजलि देने पहुंचे थे। फिर बात निकली कि आरके सिन्हा ही वह सज्जन थे, जिन्होंने लालू जी की किडनी ट्रांसप्लांट के लिए उनको सिंगापुर जाने को प्रेरित किया। यहां तक अपने परिचित डॉक्टर से उपचार की व्यवस्था भी सिंगापुर में कराई थी।

जब आरके सिन्हा जी को पता चला कि लालू जी की किडनी खराब हो गयी है, तो वरिष्ठ समाजवादी नेता शिवानंद तिवारी जी के साथ वे लालू जी के घर गये थे। भले रोहिणी सिंगापुर में रहती थीं, लेकिन तब तक उपचार के लिए सिंगापुर जाने का आइडिया उनके परिवार में से किसी के दिमाग में नहीं था। आरके सिन्हा ने उनको वहां जाने को कहा। रोहिणी ने भी स्वीकार किया है कि अगर आरके अंकल नहीं होते, तो आज पिताजी को मेरे साथ आपलोग ऐसे शायद नहीं देख पाते।

मैंने एक बात महसूस की है कि अच्छे इंसान किसी भी विचारधारा के लोग हो सकते हैं। जिनको हमेशा बुरा बताया गया हो, उस विचारधारा के लोग भी। वहीं, बुरे लोग कहीं भी हो सकते हैं, वहां भी जिनको हमेशा अच्छा बताया जाता रहा हो। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के धुर विरोधी रहे लालू जी की मदद के लिए एक संघ की विचारधारा का व्यक्ति आगे आ गया।

इस घटना से सीख मिलती है कि बिना किसी को करीब से जाने किसी के बारे में सिर्फ उसकी पहचान, उसकी विचारधारा के आधार पर कोई नकारात्मक धारणा बनाने से बचना चाहिए। सकारात्मक हो तो फिर भी चल सकता है।

लेखक के बारे में

By Mohit Sinha

Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.

Read More