Dumka News: 15 अगस्त को दुमका में राज्यपाल करेंगे ध्वजारोहण, फुल ड्रेस रिहर्सल में दिखी तैयारियों की झलक

दुमका में स्वतंत्रता दिवस समारोह-2026 को लेकर अंतिम पूर्वाभ्यास गुरुवार को पुलिस लाइन मैदान में आयोजित किया गया। उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने फुल ड्रेस रिहर्सल का निरीक्षण कर समारोह की तैयारियों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

दुमका:  स्वतंत्रता दिवस समारोह-2026 के सफल, गरिमापूर्ण और सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर गुरुवार को पुलिस लाइन मैदान, दुमका में अंतिम पूर्वाभ्यास (फुल ड्रेस रिहर्सल) आयोजित किया गया। उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने पूर्वाभ्यास का निरीक्षण कर समारोह की तैयारियों और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

15 अगस्त को राज्यपाल करेंगे ध्वजारोहण

15 अगस्त 2026 को पुलिस लाइन मैदान में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में माननीय राज्यपाल द्वारा पूर्वाह्न 9 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। इसके बाद मार्च पास्ट एवं परेड का आयोजन होगा। समारोह में कुल 14 प्लाटून हिस्सा लेंगी।

पूर्वाभ्यास के दौरान उपायुक्त ने परेड, मार्च पास्ट और समारोह स्थल की विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि समारोह में आने वाले नागरिकों को सुरक्षा, यातायात, पेयजल, चिकित्सा सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं सुचारु रूप से उपलब्ध कराई जाएं।

उपायुक्त ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस का पावन अवसर राष्ट्रीय गौरव, एकता और देशभक्ति का प्रतीक है। समारोह का आयोजन पूरी गरिमा और व्यवस्थित तरीके से सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक पीताम्बर सिंह खेरवार सहित जिले के अन्य वरीय पदाधिकारी एवं संबंधित विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Tags
लेखक के बारे में

By Suman Kumari

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More