विधायक प्रदीप प्रसाद ने दी विकास योजनाओं की सौगात, सड़क और नाली निर्माण का किया शिलान्यास

हजारीबाग के विधायक प्रदीप प्रसाद ने विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास के तहत नगर निगम और कटकमसांडी प्रखंड में विभिन्न सड़कों और आरसीसी नाली निर्माण योजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के प्रत्येक गांव और वार्ड में बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर मजबूत करने का संकल्प दोहराया।

हजारीबाग: विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास एवं आधारभूत संरचनाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में आज विधायक प्रदीप प्रसाद ने विभिन्न महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया। इन योजनाओं के पूर्ण होने से स्थानीय नागरिकों को बेहतर आवागमन एवं बुनियादी सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

इसी क्रम में विधायक निधि से नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या-3 स्थित नूरा में कुंवर कल्याण चौक के समीप पेवर ब्लॉक सड़क का उद्घाटन किया गया। इस सड़क के निर्माण से क्षेत्रवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा स्थानीय आधारभूत ढांचे को मजबूती प्राप्त होगी।

इसके पश्चात कटकमसांडी प्रखंड अंतर्गत दक्षिणी पेलावल पंचायत में राजन जी के घर से अलहिरा विद्यालय तक लगभग 0.730 किलोमीटर लंबी पीसीसी सड़क निर्माण कार्य का विधिवत शिलान्यास किया गया। लंबे समय से इस सड़क के निर्माण की मांग की जा रही थी। सड़क निर्माण पूर्ण होने के बाद ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों को आवागमन में काफी सुविधा होगी।

वहीं, नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या-6 स्थित मटवारी जागों निवास पथ में आरसीसी नाली निर्माण एवं मरम्मतीकरण कार्य का भी विधिवत शिलान्यास किया गया। इस परियोजना के पूरा होने से जल निकासी की समस्या का समाधान  तथा क्षेत्र में स्वच्छता एवं जनसुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार आएगा।

इस अवसर पर विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि हजारीबाग विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव, मोहल्ले और वार्ड में विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है। सड़क, नाली, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं, ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतर जीवन-स्तर उपलब्ध कराया जा सके।

उन्होंने कहा कि जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप विकास कार्यों को धरातल पर उतारना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और हजारीबाग विधानसभा क्षेत्र को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए वे निरंतर प्रयासरत रहेंगे।

इस अवसर पर भाजपा के जिला उपाध्यक्ष व जिला परिषद सदस्य मंजू नंदनी नगर पश्चिमी मंडल अध्यक्ष व वार्ड पार्षद प्रतिनिधि कुलदीप कृष्णा, नगर पूर्वी मंडल अध्यक्ष व वार्ड पार्षद रिंकु वर्मा, कटकमसांडी पूर्वी मंडल अध्यक्ष  प्रकाश कुशवाहा, जयनारायण मेहता, कटकमसांडी विधायक प्रतिनिधि सुमन राय, बाँबी कुशवाहा, नवल कुशवाहा, सांसद प्रतिनिधि जीवन मेहता, पंडल यादव, ज्वाला अग्रवाल, सुबोध सिन्हा, राजेश यादव, पवन गिरि,  गदोखर मुखिया नारायण साव स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में

By Anjali Sinha

Anjali Sinha covers Jharkhand local news, breaking stories, and trending updates at Samridh Jharkhand. She focuses on ground reports, regional developments, and timely news coverage to keep readers informed with accurate and engaging stories. Passionate about journalism, she brings attention…

Read More