साहिबगंज में आग उगल रहा आसमान, पारा 40 पार, ठंडे पेय पदार्थों ने तोड़े रिकॉर्ड

संजना कुमारी
साहिबगंज: मई माह के दूसरे पक्ष की भीषण गर्मी और चिपचिपी उमस ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। तापमान 40 डिग्री पार कर गया है। दोपहर 12 से 4 बजे तक सड़कें वीरान हो जाती हैं। घर से निकलते ही लू के थपेड़े चेहरे को झुलसा देते हैं। ऐसे में साहिबगंज के लोग गर्मी से बचने के लिए ‘ठंडे कारोबार’ को हिट करा रहे हैं।
दोपहर सूनी, शाम को मेला
शहर के मुख्य बाजार, स्टेशन रोड, कॉलेज रोड, चौक बाजार पर दोपहर में कर्फ्यू जैसा सन्नाटा रहता है। दुकानदार भी गमछा भिगोकर पंखे के नीचे बैठे मिलते हैं। लेकिन शाम 5 बजते ही नजारा बदल जाता है। आइसक्रीम पार्लर, जूस कॉर्नर और ठेलों पर भीड़ टूट पड़ती है।
कुल्फी वाले की चांदी
गर्मी में सबसे ज्यादा मौज कुल्फी वालों की है। शहर के स्टेशन चौक पर 15 साल से कुल्फी बेच रहे राजू मंडल की घंटी बजते ही गली के बच्चे-बूढ़े सब बाहर निकल आते हैं। राजू बताते हैं, मार्च-अप्रैल में दिन भर में 700-800 रुपये बमुश्किल कमाते थे। पर पिछले 10 दिन से गर्मी ऐसी पड़ी है कि रोज 2000 से 2500 रुपये तक कमा ले रहे हैं। मलाई, चॉकलेट, मैंगो – सब बिक रही है। 10 रुपये से 40 रुपये तक की कुल्फी है। दिन में 150-200 कुल्फी निकल जाती है। राजू सुबह 10 बजे बर्फ और दूध का इंतजाम करते हैं, दोपहर 3 बजे ठेला लेकर निकलते हैं और रात 9 बजे तक बेचते हैं। कहते हैं, गर्मी में मेहनत डबल है, पर कमाई भी दोगुनी हो गई है। कबूतरखोपी गांव की तरफ जाने वाले मोहन कुल्फी वाले ने बताया कि शहर से ज्यादा गांव में डिमांड है। क्योंकि वहां फ्रिज कम है। बच्चे 5 रुपये वाली बर्फ वाली कुल्फी भी शौक से खाते हैं। 1200-1500 तो वहां भी बन जाता है।
लस्सी-गोला-शरबत: सबका रेट हाई
गर्मी में सिर्फ कुल्फी नहीं, हर ठंडी चीज सोना बन गई है। कॉलेज रोड पर लस्सी बेचने वाले संजय यादव कहते हैं, पहले दिन में 3 कैन दूध लगता था, अब 9 कैन लग रहा है। 25 रुपये ग्लास, मलाई मारके 30 की। रोज 250 ग्लास पार। 6 हजार से ऊपर की बिक्री है। वहीं, बर्फ का गोला 10 से 30 रुपये तक बिक रहा है। सुमित आइस गोला मटका कुल्फी वाले सुमित कुमार ने जिरवाबाड़ी में बताया कि, स्कूल छूटते ही 100-150 गोले बन जाते हैं। ऑरेंज, काला खट्टा, कच्चा आम – सब डिमांड में हैं। मजदूर वर्ग की पहली पसंद बेल का शरबत, आम का पना और चना का सत्तू 20 रुपये ग्लास मिल रहा है। ठेले वाले शंकर ने बताया कि दोपहर में रिक्शा वाले, ठेला वाले और मजदूर वर्ग के लोग 2-2 ग्लास पी जाते हैं। गन्ने का जूस 15 से 20 रुपये प्रति ग्लास उपलब्ध है।
तरबूज-खीरा-ककड़ी का राज
सब्जी मंडी में टमाटर को कोई नहीं पूछ रहा, पर तरबूज 20 रुपये किलो, खीरा 40 रुपये किलो और ककड़ी 30 रुपये किलो हाथों-हाथ बिक रही है। फल विक्रेता अजय साह कहते हैं, गर्मी में तरबूज पानी की कमी पूरी करता है। दिन में 5 क्विंटल माल बिक जा रहा है।
डॉक्टर की चेतावनी
सदर अस्पताल के डॉ. अनिल कुमार कहते हैं, ओपीडी में लू, डिहाइड्रेशन, उल्टी-दस्त के केस 40 प्रतिशत बढ़ गए हैं। बच्चे और बुजुर्ग सबसे ज्यादा चपेट में हैं। 11 से 4 बजे तक घर से न निकलें। सूती कपड़े पहनें और सिर ढकें। बाहर का बर्फ-गोला खाने से बचें, डायरिया का खतरा है। घर का बना नींबू पानी, बेल शरबत, ओआरएस सबसे बेहतर है। घर से निकलते समय पानी की बोतल, छाता, गमछा रखने की अपील की है। वहीं, सामाजिक संगठनों ने घर की छत या बालकनी में पशु-पक्षियों के लिए मिट्टी के बर्तन में पानी रखने की अपील की।
बिजली-पानी का संकट भी बढ़ा
गर्मी के साथ बिजली कटौती ने लोगों की मुश्किल और बढ़ा दी है। दिन में 4-5 घंटे की कटौती हो रही है। इन्वर्टर जवाब दे जा रहे हैं। नगर परिषद के टैंकर से पानी सप्लाई भी नहीं हो रही है। पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है। साहिबगंज इस वक्त भट्टी बना हुआ है। पर इस आग में किसी का घर जल रहा है तो किसी का चूल्हा। कुल्फी वाले राजू के लिए यही गर्मी ‘सीजन’ है, तो दिहाड़ी मजदूर के लिए ‘सजा’।




