Rajdhani Express Fire: चलती राजधानी ट्रेन में लगी आग, मचा हड़कंप; कई ट्रेनों पर पड़ा असर

Rajdhani Express Fire: मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के पास रविवार की सुबह उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल बन गया जब चलती राजधानी एक्सप्रेस के एक कोच में आग लग गई। हालात बिगड़ते देख रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और ट्रेन कर्मचारियों ने जो फुर्ती दिखाई, उसी की बदौलत एक बड़ा हादसा होते-होते बच गया। महज 15 मिनट के भीतर बी-1 कोच में सफर कर रहे सभी 68 यात्रियों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया।
यह घटना सुबह लगभग 5:30 बजे पश्चिम मध्य रेलवे के कोटा मंडल के अंतर्गत लूनी रिछा और विक्रमगढ़ आलोट स्टेशनों के बीच हुई। दिल्ली की ओर जा रही त्रिवेंद्रम-हजरत निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस (ट्रेन नंबर 12431) की थर्ड एसी बोगी बी-1 में आग भड़क उठी।
नीचे से उठा धुआं, देखते-देखते फैली लपटें
चश्मदीदों के मुताबिक पहले कोच के निचले हिस्से से घना धुआं उठता दिखा। पलभर में आग ने भीषण रूप ले लिया और बी-1 बोगी के साथ-साथ उससे जुड़ी एसएलआर लगेज ब्रेक वैन भी इसकी चपेट में आ गई। दूर तक दिखती आग की लपटें देख ट्रेन गार्ड ने फौरन लोको पायलट को सतर्क किया, जिसके बाद ट्रेन को तुरंत रोककर यात्रियों को दूसरे कोचों में सुरक्षित स्थानांतरित किया गया।
रेलवे ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर
यात्रियों और उनके परिजनों की सुविधा के लिए रेलवे ने निम्नलिखित हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं:
- घटनास्थल: 09256099269
- लूनी रिछा स्टेशन: 09251689241
- कोटा पूछताछ: 6375898943
- कोटा कंट्रोल: 9256099457
- रेल मदद: 139
जांच जारी, कोई हताहत नहीं
कोटा मंडल के वरिष्ठ डीसीएम सौरभ जैन ने बताया कि आग से दो कोच प्रभावित हुए, लेकिन सभी यात्री सुरक्षित हैं और किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है। आग लगने की वजह अभी सामने नहीं आई है और मामले की जांच की जा रही है। रेलवे प्रशासन प्रभावित रेलखंड को जल्द से जल्द सामान्य करने में जुटा है।


