Bengal Siliguri Corridor: ‘चिकन नेक’ बना नेपाल के गले की फांस? चुनाव नतीजों पर टिकी बालेन शाह की नजर!

नई दिल्ली: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 में सीमा सुरक्षा और घुसपैठ का मुद्दा केंद्र में रहा। इसी संदर्भ में भारत-नेपाल सीमा पर स्थित पश्चिम बंगाल का पानीटंकी शहर खासा चर्चा में है। दार्जिलिंग जिले में बसा यह सीमावर्ती कस्बा नेपाल के झापा जिले के काकड़भिट्टा से सटा हुआ है और दोनों देशों के बीच व्यापार का एक प्रमुख केंद्र माना जाता है। सिलीगुड़ी कॉरिडोर की निकटता के कारण यह इलाका आवागमन और व्यापार दोनों लिहाज से बेहद अहम है। यही वजह है कि बंगाल चुनाव के नतीजे नेपाल के नजरिए से भी महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।
पानीटंकी: व्यापार का अहम द्वार
भारत-नेपाल सीमा पर पानीटंकी एक सक्रिय लैंड पोर्ट के रूप में जाना जाता है। यहां से भारत की ओर से कोयला, जूट, सीमेंट तथा फल-सब्जियां नेपाल भेजी जाती हैं, जबकि नेपाल से चाय, अदरक, प्लाईवुड और सिंथेटिक धागे भारत आते हैं। यह स्थान राष्ट्रीय राजमार्ग NH-327 और एशियाई राजमार्ग AH-2 से जुड़ा हुआ है। कुछ समय पहले नेपाल में राजनीतिक उथल-पुथल के दौरान इसी सीमा के पास सैकड़ों मालवाहक वाहन फंस गए थे, जिससे व्यापार बुरी तरह प्रभावित हुआ था। उस दौर में नेपाल में सत्ता परिवर्तन हुआ और एक नई सरकार सत्ता में आई।
SSB और राज्य पुलिस के हाथों में सुरक्षा
पानीटंकी सीमा क्षेत्र की निगरानी सशस्त्र सीमा बल और राज्य पुलिस मिलकर करते हैं। चेकपोस्ट प्रबंधन से लेकर आवागमन नियंत्रण तक की जिम्मेदारी इन्हीं बलों पर है। भारतीय नागरिकों को नेपाल जाने के लिए वीजा की आवश्यकता नहीं होती, लेकिन हालिया अस्थिरता के चलते सुरक्षा जांच को और कड़ा किया गया था। कुछ समय के लिए सीमा पर आवाजाही बाधित रही, हालांकि अब स्थिति सामान्य हो चुकी है।
सिलीगुड़ी कॉरिडोर की वजह से संवेदनशील
पानीटंकी उस भौगोलिक क्षेत्र के करीब है जिसे भारत का “चिकन नेक” कहा जाता है — यानी सिलीगुड़ी कॉरिडोर, जो पूर्वोत्तर भारत को देश के शेष हिस्सों से जोड़ने वाली एकमात्र भूमि पट्टी है। यह सामरिक और भौगोलिक दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील क्षेत्र है। पश्चिम बंगाल के फांसिदेवा इलाके के निकट स्थित यह बॉर्डर क्रॉसिंग पॉइंट द्विपक्षीय संबंधों में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
सुरक्षा बल हाई अलर्ट पर
केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देशन में SSB भारत और नेपाल के बीच करीब 1,751 किलोमीटर लंबी सीमा की रखवाली करता है, जो पश्चिम बंगाल, बिहार, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और सिक्किम से गुजरती है। सुरक्षा एजेंसियों के सूत्रों के अनुसार सभी सीमावर्ती इलाकों में चौकसी बढ़ा दी गई है और बलों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।


