PM Modi आज करेंगे ‘मन की बात’, आरक्षण बिल पर कर सकते हैं चर्चा

लोकसभा में महिला आरक्षण से जुड़ा संविधान संशोधन विधेयक पारित नहीं हो पाने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज रात राष्ट्र को संबोधित करेंगे। उनके संबोधन में संसद की घटनाओं और महिलाओं के अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर महत्वपूर्ण संदेश की उम्मीद जताई जा रही है।

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज रात 8.30 बजे राष्ट्र को संबोधित करेंगे। संसद एवं राज्य विधानमंडल में महिलाओं के लिए आरक्षण लागू करने वाला संविधान संशोधन विधेयक लोकसभा में पारित न हो पाने के एक दिन बाद उनका यह संबोधन होगा।

विपक्षी दलों के खिलाफ शनिवार को यहां प्रदर्शन में भाग लेते हुए भाजपा सांसद हेमा मालिनी ने मीडियाकर्मियों को बताया कि प्रधानमंत्री मोदी आज रात देश के नागरिकों और विशेष रूप से महिलाओं से संवाद करेंगे। विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए हेमा ने कहा, “शुक्रवार को हमारे तमाम प्रयासों के बावजूद विधेयक पारित नहीं हो सका। विपक्ष ने इसे पारित नहीं होने दिया इसीलिए हम सब यहां विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।” उन्होंने लोगों से आज रात प्रधानमंत्री को सुनने की अपील की है।

प्रधानमंत्री के संबोधन में उम्मीद है कि वह महिला आरक्षण के मुद्दे और संसद में हुई घटनाओं पर विस्तार से चर्चा करेंगे, जहां विपक्षी दलों ने शुक्रवार को संविधान संशोधन विधेयक के खिलाफ मतदान किया था। इस विधेयक में परिसीमन के बाद 2029 के संसदीय चुनावों से पहले महिला आरक्षण कानून को लागू करने के लिए लोकसभा सीटों को बढ़ाने का प्रावधान प्रस्तावित था।

राज्य और केंद्रशासित प्रदेशों की विधानसभाओं में भी महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण को समायोजित करने के लिए सीटों की संख्या बढ़ाई जानी थी। इस विधेयक को पारित करने के लिए दो तिहाई बहुमत की आवश्यकता थी, लेकिन राजग सरकार आवश्यक बहुमत नहीं जुटा सकी। शुक्रवार रात लोकसभा में संविधान संशोधन विधेयक के समर्थन में 298 और विरोध में 230 सदस्यों ने मतदान किया। कुल 528 सदस्यों ने मतदान में भाग लिया था।

लेखक के बारे में

By Samridh Media Desk

Samridh Media Desk is the official editorial and news publishing team of Samridh Jharkhand. The desk covers breaking news, politics, national and international affairs, Jharkhand and Bihar updates, crime, business, and trending stories with a focus on accuracy, credibility, and…

Read More