युवती से फोन पर बहस के बाद पटना निवासी गोविंद कुमार महतो ने की खुदकुशी, जांच में जुटी पुलिस

पूर्वी सिंहभूम: मानगो के चाणक्य नगर कॉलोनी में शुक्रवार शाम एक युवक ने अपने कमरे में फंंदे से लटक कर खुदकुशी कर ली। मृतक की पहचान गोविंद कुमार महतो के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, घटना से पहले गोविंद मोबाइल फोन पर किसी युवती से बातचीत कर रहा था। इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस हुई थी। हालांकि, बातचीत के विषय और घटना के बीच संबंध की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
मृतक के ममेरे भाई निखिल कुमार ने बताया कि गोविंद करीब 15 दिन पहले ही जमशेदपुर आया था। उसके मामा ने उसे जमशेदपुर लाकर निखिल के साथ रहने के लिए भेजा था। मामा की इच्छा थी कि गोविंद यहां रहकर कोई काम सीखे और अपने जीवन को बेहतर दिशा दे। निखिल के अनुसार, गोविंद धनबाद के जामाडोबा में रहते हुए गलत संगत में पड़ गया था, जिसके कारण परिवार के लोगों ने उसे जमशेदपुर भेजने का फैसला लिया था।
निखिल ने बताया कि शुक्रवार को गोविंद अपने कमरे में मोबाइल फोन पर एक युवती से बात कर रहा था। बातचीत के दौरान बहस होने के बाद उसने कथित तौर पर फंदे से झूल गया। घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों ने मानगो पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। गोविंद मूल रूप से बिहार की राजधानी पटना का रहने वाला था, जबकि उसका परिवार धनबाद के जामाडोबा में रहता था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। युवती से फोन पर हुई बातचीत और घटना के बीच कोई संबंध था या नहीं, इसका पता जांच के बाद ही चल सकेगा।




