सेल के सीएमडी पद के लिए 28 मार्च को इंटरव्यू, दिग्गज अधिकारियों के बीच कड़ा मुकाबला

बोकारो : स्टील अथॉरिटी ऑफ इंडिया लिमिटेड (सेल) के चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक (सीएमडी) पद के चयन के लिए इंटरव्यू का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। जारी आदेश के अनुसार, इंटरव्यू 28 मार्च 2026 को सुबह 9:00 बजे से 11:00 बजे तक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित किया जाएगा। इस चयन प्रक्रिया में इस्पात मंत्रालय के सचिव बोर्ड की सहायता के लिए उपस्थित रहेंगे।
इस प्रतिष्ठित पद की दौड़ में कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हैं। इनमें मनीष राज गुप्ता (निदेशक, खनन, सेल एवं आरआईएनएल के सीएमडी का अतिरिक्त प्रभार), आलोक वर्मा (निदेशक-प्रभारी, राउरकेला इस्पात संयंत्र), डॉ. अशोक कुमार पांडा (निदेशक, वित्त, सेल एवं अतिरिक्त प्रभार—वाणिज्य), बिपिन कुमार गिरी (कार्यकारी निदेशक, माइंस डेवलपमेंट), मुन्ना प्रसाद सिंह (कार्यकारी निदेशक, माइंस, राउरकेला), अनीश सेनगुप्ता (कार्यकारी निदेशक, प्रोजेक्ट्स), कृष्ण गोपाल अग्रवाल (निदेशक, वित्त, राइट्स लिमिटेड), अनुप कुमार सतपथी (प्रिंसिपल चीफ सेफ्टी ऑफिसर, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे), पुडी हरिप्रसाद (मुख्य प्रशासनिक अधिकारी, रेलवे) तथा चेतन प्रकाश जैन (अतिरिक्त सचिव एवं वित्तीय सलाहकार, साथ ही सीएमडी, सेंट्रल इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड) शामिल हैं।
हर बार की तरह इस बार भी सीएमडी पद की दौड़ में सेल के अंदरूनी अधिकारियों के साथ अन्य सार्वजनिक उपक्रमों और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हैं। खास बात यह है कि चेतन प्रकाश जैन, जो केंद्र सरकार में अतिरिक्त सचिव स्तर के अधिकारी हैं, भी इस रेस में हैं, जिससे मुकाबला और अधिक कड़ा हो गया है।
आदेश के अनुसार, सभी उम्मीदवारों को अपने अनुभव, उपलब्धियों और सेल के विजन पर अधिकतम 6 स्लाइड की प्रस्तुति भी देनी होगी, जिसे इंटरव्यू से दो दिन पहले लोक उपक्रम चयन बोर्ड को भेजना अनिवार्य है। अब 28 मार्च को होने वाले इंटरव्यू के बाद यह स्पष्ट हो जाएगा कि देश की महारत्न कंपनी सेल की कमान किसे सौंपी जाएगी।




