77वें गणतंत्र दिवस पर धूमधाम से हुआ झंडारोहण

साहिबगंज : 77वां गणतंत्र दिवस, नगर परिषद क्षेत्र के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाया गया। नगर के सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों, निजी आवासों, दुकानों, प्रतिष्ठानों और सामाजिक संस्थानों के अलावा चौक-चौराहों में झंडारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिससे पूरा क्षेत्र देशभक्ति के रंग में रंगा नज़र आया। नगर परिषद अध्यक्ष मोनिका किस्कू ने नगर परिषद कार्यालय परिसर में झंडा फहराया। वहीं, नगर के विभिन्न विद्यालयों में वहां के प्रधानाचार्यों ने ध्वजारोहण कर छात्र-छात्राओं व शिक्षकों के साथ गणतंत्र दिवस मनाया। इस अवसर पर शिक्षकों ने विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के महत्व के बारे में जानकारी दी। बच्चों ने राष्ट्रगान गाया और देशभक्ति के नारों से वातावरण को उत्साहपूर्ण बना दिया।
इसी क्रम में बोरियो प्रखंड विकास पदाधिकारी नागेश्वर साह ने प्रखंड मुख्यालय, थाना प्रभारी रोहित कुमार ने बोरियो थाना परिसर में झंडारोहण किया। मौके पर प्रमुख शांति बस्की, जनप्रतिनिधि, समाजसेवी, विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ता मौजूद रहे। बोरियो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉक्टर पंकज कुमार द्वारा झंडारोहण किया गया। वहीं, मूक-बधिर विद्यालय में समाजसेवी सह उमा अमृता फाउंडेशन के संस्थापक प्रशांत शेखर ने झंडा फहराया। तालझारी प्रखंड मुख्यालय में प्रखंड विकास पदाधिकारी रामसुमन प्रसाद ने झंडा फहराया। पुरानी साहिबगंज के ओझा टोली स्थित आदर्श पुस्तकालय में पुस्तकालय के अध्यक्ष सेवानिवृत अवर निरीक्षक श्रीकांत ओझा उर्फ उमेश ओझा ने झंडा फहराया।
राजमहल विधायक एमटी राजा ने गणतंत्र दिवस के शुभ अवसर पर राजमहल स्थित कासिम बाज़ार कार्यालय में, सांसद विजय कुमार हांसदा ने बरहरवा में झंडा फहराया। जिला विकास समिति के जिलाध्यक्ष सह गंगा पुल निर्माण संघर्ष समिति के केंद्रीय अध्यक्ष अरविन्द गुप्ता ने एलसी रोड स्थित प्रधान कार्यालय, एवं भाजपा जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष गौतम यादव ने झंडारोहण कार्यक्रम आयोजित किया। इस अवसर पर अरविन्द गुप्ता ने कहा कि भारतीय संविधान सभी नागरिकों को स्वतंत्रता और समरसता के साथ जीने का मार्ग दिखाता है, जबकि भाजपा जिलाध्यक्ष गौतम यादव ने गणतंत्र दिवस को देशवासियों के लिए गौरव का पर्व बताया। वेटरन्स इंडिया के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष भूलन दुबे द्वारा कार्यालय प्रांगण में ध्वजारोहण कर वीर सपूतों के संघर्षों को याद किया गया।
वहीं, नगर थाना प्रभारी सह नगर प्रभाग निरीक्षक अमित गुप्ता ने नगर थाना परिसर में पुलिसकर्मियों के साथ झंडारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार सिंह ने पुलिस लाइन तथा अधीक्षक आवास पर तिरंगा फहराया और संविधान के नियमों का पालन करने का संदेश दिया। इस विशेष अवसर पर पूरे शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में दिन भर देशभक्ति के गीत गूंजते रहे।




