दुमका के जंगलों में मिला दुर्लभ फ्लाइंग फॉक्स समूह, युवा शोधकर्ता की बड़ी उपलब्धि

दुमका के युवा शोधकर्ता कुलेश भंडारी ने संताल परगना के जंगलों में एक दुर्लभ फ्लाइंग फॉक्स कॉलोनी का दस्तावेज़ीकरण किया है, जो जंगलों की पारिस्थितिक मजबूती और संरक्षण की संभावना को दर्शाता है।

दुमका : संताल परगना के पहाड़ी जंगल एक बार फिर अपनी प्राकृतिक समृद्धि से चौंका रहे हैं। दुमका के युवा शोधकर्ता कुलेश भंडारी ने यहाँ एक दुर्लभ और बड़ी फ्लाइंग फॉक्स (बड़े चमगादड़) कॉलोनी का दस्तावेज़ीकरण किया है। यह दृश्य क्षेत्र के लिए लगभग अभूतपूर्व माना जा रहा है।कुलेश द्वारा ली गई तस्वीरों में दर्जनों फ्लाइंग फॉक्स एक साथ शाम के समय ऊँचे पेड़ों से उड़ान भरते दिखाई दे रहे हैं। यह दृश्य इस क्षेत्र में बहुत कम देखने को मिलता है और बताता है कि यहाँ के जंगल अभी भी प्राकृतिक रूप से जीवंत हैं।

कुलेश भंडारी ने बताया,

“संताल परगना में इस तरह की सक्रिय और बड़ी कॉलोनी का रिकॉर्ड शायद पहली बार सामने आ रहा है। यह हमारे जंगलों की पारिस्थितिक मजबूती का प्रमाण है। यह खोज केवल एक फोटो-रिकॉर्ड नहीं है—बल्कि आगे चलकर एक वैज्ञानिक रिपोर्ट और शोध-पत्र (research paper) के रूप में भी विकसित की जा रही है। कुलेश अपने चल रहे फील्ड प्रोजेक्ट्स के तहत इस कॉलोनी के व्यवहार, रोस्ट पैटर्न और पर्यावरणीय महत्व पर विस्तृत अध्ययन कर रहे हैं।

महत्त्वपूर्ण बात यह है कि यह शोध कार्य The Pollination Project (USA) के सहयोग से किया जा रहा है, जिन्होंने भंडारी के समुदाय-आधारित पर्यावरणीय कार्यों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर समर्थन और फंडिंग प्रदान की है। यह उपलब्धि झारखंड के युवा वैज्ञानिकों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। वन्यजीव विशेषज्ञ मानते हैं कि फ्लाइंग फॉक्स जंगलों के परागण, बीज फैलाव और प्राकृतिक पुनर्जनन में अहम भूमिका निभाते हैं। इसलिए इस तरह की कॉलोनी का मिलना संरक्षण के लिहाज से एक महत्वपूर्ण संकेत है।

कुलेश भंडारी पिछले कई वर्षों से दुमका–गोड्डा क्षेत्र में जैव-विविधता, वन्यजीव व्यवहार और जनजातीय भू-दृश्य पर लगातार फील्ड रिसर्च कर रहे हैं। उनकी यह उपलब्धि संताल परगना की प्राकृतिक विरासत को नई पहचान देती है।

लेखक के बारे में

By Susmita Rani

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More