ग्रामसभा में पूछताछ के बाद सामने आया नवजात की मौत का मामला, मां पर गला दबाकर हत्या का आरोप

पश्चिमी सिंहभूम। पश्चिमी सिंहभूम जिले के कुमारडुंगी थाना क्षेत्र के अंधारी गांव में सात दिन के नवजात की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। आरोप है कि नवजात की मां ने ही उसका गला दबाकर हत्या कर दी और शव को गांव से करीब तीन किलोमीटर दूर पुटीसाल के सुनसान दलदली इलाके में गड्ढा खोदकर दफना दिया।
नवजात के गायब होने पर ग्रामीणों को हुआ संदेह
बच्चे के अचानक गायब होने के बाद ग्रामीणों को उसके बेचे जाने का संदेह हुआ। मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए सोमवार को गांव में विशेष ग्रामसभा बुलायी गई। ग्रामसभा में पूछताछ के दौरान महिला ने नवजात की हत्या करने की बात स्वीकार की।
पूछताछ में महिला ने बताई पूरी घटना
गांव के मुंडा विजय हेम्ब्रम की अध्यक्षता में हुई ग्रामसभा में ग्रामीणों ने महिला से नवजात के गायब होने के संबंध में पूछताछ की। इस दौरान महिला ने बताया कि उसने 26 सितंबर की सुबह नवजात की गला दबाकर हत्या कर दी थी। इसके बाद शव को पुटीसाल के दलदली इलाके में दफना दिया।
महिला के बयान के बाद ग्रामीण उसके साथ उक्त स्थान पर पहुंचे। उसकी निशानदेही पर जमीन की खुदाई कर नवजात का शव बाहर निकाला गया। बाद में शव को उसी स्थान पर दोबारा दफना दिया गया।
22 सितंबर को हुआ था बच्चे का जन्म
ग्रामीणों के अनुसार, अंधारी गांव की महिला के घर 22 सितंबर को बच्चे का जन्म हुआ था। जन्म के महज चार दिन बाद 26 सितंबर को नवजात की हत्या किए जाने का आरोप है। घटना के बाद महिला कुछ दिनों के लिए गांव से बाहर चली गई थी।
मामला सामने आने के बाद ग्रामीणों में आक्रोश देखा गया। ग्रामीणों ने आरोपित महिला, उसके तीन वर्षीय बेटे और उसकी मां को बस्ती से बाहर कर दिया।
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
घटना की सूचना मिलने पर कुमारडुंगी थाना प्रभारी सुनील कुमार चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम गांव पहुंची और ग्रामीणों से मामले की जानकारी ली। थाना प्रभारी ने मंगलवार को बताया कि फिलहाल परिजनों की ओर से पुलिस को कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच कर रही है।




