भारतीय नौसेना के लिए ₹661.50 करोड़ की ब्रह्मोस डील, खरीदे जाएंगे फायर कंट्रोल सिस्टम और लॉन्चर

नई दिल्ली। भारतीय नौसेना की समुद्री मारक क्षमता को मजबूत करने की दिशा में रक्षा मंत्रालय ने बड़ा कदम उठाया है। मंत्रालय ने भारतीय नौसेना के लिए ब्रह्मोस फायर कंट्रोल सिस्टम और लॉन्चर की खरीद के लिए ब्रह्मोस एयरोस्पेस प्राइवेट लिमिटेड (BAPL) के साथ ₹661 करोड़ के कॉन्ट्रैक्ट पर हस्ताक्षर किए हैं। यह खरीद Buy (Indian-IDDM) श्रेणी के तहत की जाएगी। समझौते पर मंगलवार को नई दिल्ली में रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह की मौजूदगी में हस्ताक्षर किए गए।
68 फीसदी से अधिक स्वदेशी सामग्री
रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, इस प्रोजेक्ट में न्यूनतम 68 फीसदी स्वदेशी सामग्री का प्रावधान है। इससे लघु उद्योगों समेत विभिन्न भारतीय उद्योगों की सक्रिय भागीदारी को बढ़ावा मिलेगा। मंत्रालय के अनुसार, यह परियोजना तीन वर्षों में रोजगार के अवसर पैदा करने के साथ भारत के समुद्री सुरक्षा आर्किटेक्चर और रक्षा क्षमताओं को भी मजबूत करेगी। साथ ही, उन्नत सैन्य प्रौद्योगिकी के स्वदेशीकरण की दिशा में इसे महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
नौसेना के लिए अहम हथियार प्रणाली है ब्रह्मोस
भारतीय नौसेना के अलग-अलग फ्रंटलाइन वॉरशिप पर तैनात ब्रह्मोस सिस्टम समुद्री हमले के अभियानों के लिए नौसेना की प्रमुख सतह से सतह पर मार करने वाली मिसाइल प्रणाली है। यह सुपरसोनिक गति से लंबी दूरी तक जमीन और समुद्र के लक्ष्यों को निशाना बनाने में सक्षम है।
भारतीय नौसेना स्वदेशी बूस्टर के साथ ब्रह्मोस मिसाइल के एंटी-शिप वर्जन का सफल परीक्षण भी कर चुकी है। इस मिसाइल में नई तकनीक का इस्तेमाल किया गया है, जो नौसेना की आत्मनिर्भरता और स्वदेशी रक्षा क्षमताओं को बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण है।
भारत-रूस का संयुक्त उद्यम है ब्रह्मोस
ब्रह्मोस मिसाइल का निर्माण भारत और रूस के बीच संयुक्त उद्यम के तहत किया जा रहा है। इस संयुक्त उद्यम में भारतीय पक्ष का प्रतिनिधित्व रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (DRDO) करता है।
भारतीय नौसेना अपने युद्धपोत INS विशाखापत्तनम, INS मोरमुगाओ, INS दिल्ली, INS रणविजय और स्वदेशी स्टील्थ डिस्ट्रॉयर INS चेन्नई से समय-समय पर ब्रह्मोस सुपरसोनिक क्रूज मिसाइल का परीक्षण कर चुकी है।
ब्रह्मोस के चार समुद्री वैरिएंट
भारतीय नौसेना के पास समुद्र से दागे जाने वाले ब्रह्मोस मिसाइल के चार वैरिएंट हैं। युद्धपोत से दागी जाने वाली एंटी-शिप मिसाइल और लैंड-अटैक मिसाइल नौसेना के पास पहले से मौजूद हैं।
वहीं, पनडुब्बी से दागी जाने वाली एंटी-शिप मिसाइल और लैंड-अटैक मिसाइल का भी सफल परीक्षण किया जा चुका है। इन्हें जल्द ही नौसेना के जखीरे में शामिल किए जाने की बात कही गई है।
इस नई डील से भारतीय नौसेना के युद्धपोतों पर ब्रह्मोस से जुड़ी फायर कंट्रोल और लॉन्चिंग क्षमता को और मजबूत करने में मदद मिलेगी।


