16 सितंबर से शुरू होगा एक्सपो उत्सव, 90 फीसदी स्टॉल पहले ही बुक

रांची: राजधानी का बहुचर्चित कंज्यूमर फेयर ‘एक्सपो उत्सव’ इस बार और भी खास होने जा रहा है। जेसीआई रांची द्वारा आयोजित इस मेगा इवेंट का यह 28वां संस्करण होगा, जो 16 सितंबर से 22 सितंबर तक मोराबादी मैदान में सात दिनों तक चलेगा। संस्था के मुख्य संचालक जेसी सिद्धार्थ जयसवाल ने बताया कि इस वर्ष देश–विदेश से लगभग 400 स्टॉल लगेंगे, जिनमें से 90 फीसदी स्टॉल पहले ही बुक हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि एक्सपो का इंतज़ार हर साल रांची के लोग करते हैं और इस बार संस्था के सदस्य इसे नए रूप में पेश करने के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं।
संस्था के अध्यक्ष जेसी प्रतीक जैन ने जानकारी दी कि इस बार एक्सपो में अफगानिस्तान के ड्राई फ्रूट्स से लेकर कश्मीर का केसर, होममेड चॉकलेट से लेकर राजस्थानी मार्बल स्टैचू तक सब कुछ मिलेगा। इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक्स, कपड़े, फर्नीचर, कॉस्मेटिक्स, होम डेकोर और ऑटो ज़ोन में ई-स्कूटी की रेंज भी लोगों को आकर्षित करेगी।
संस्था के सचिव जेसी सनी केडिया ने बताया कि इस बार एक्सपो में व्होलसेलर और बड़ी कंपनियों के लिए अलग हैंगर बनाया गया है। फूड ज़ोन को भी नए अंदाज में पेश किया जाएगा, जहां ग्राहकों को 5% से लेकर 50% तक का डिस्काउंट मिलेगा। बच्चों के लिए एम्यूजमेंट पार्क और नए उद्यमियों के लिए विशेष स्टार्टअप बाजार भी आकर्षण का केंद्र होगा।
इस बार मोराबादी मैदान को 9 जोन में विभाजित किया गया है— एग्जीबिटर हैंगर, कंज्यूमर हैंगर, पिंक हैंगर, अर्बन हैंगर, ऑटो जोन, स्टार्टअप बाजार, फूड कोर्ट, एम्यूजमेंट पार्क और मेन स्टेज हैंगर। सभी हैंगर को आधुनिक जर्मन हैंगर में तब्दील किया गया है, ताकि दर्शकों को बेहतर अनुभव मिल सके।




