मैदान पर मैच से पहले माइंड गेम, IndvsPak मैच को लेकर अज़हर की बात में छिपा है राज़!

सपोर्ट डेस्क: भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मुकाबले हमेशा से ही रोमांच और राजनीतिक माहौल से प्रभावित रहे हैं। ऐसे में पूर्व भारतीय कप्तान मोहम्मद अज़हरुद्दीन ने एशिया कप को लेकर बड़ा बयान दिया है, जिसने क्रिकेट जगत में बहस छेड़ दी है। अजहरुद्दीन ने 14 सितंबर को दुबई अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम पर भारत और पाकिस्तान के बीच एशिया कप मुकाबले को लेकर चिंता जाहिर की है। अज़हरुद्दीन का मानना है कि मौजूदा हालात को देखते हुए भारत को पाकिस्तान के खिलाफ एशिया कप में मुकाबला नहीं करना चाहिए।
उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि जब तक पाकिस्तान की ओर से आतंकवाद जैसे गंभीर मुद्दों पर कोई ठोस कार्यवाही नहीं होती, तब तक भारत को क्रिकेट जैसे सौहार्द्रपूर्ण खेल में भी शामिल नहीं होना चाहिए। यह सिर्फ एक क्रिकेट मैच नहीं, बल्कि देश की गरिमा और सुरक्षा से जुड़ा मामला है।
अज़हरुद्दीन का यह बयान ऐसे समय आया है जब दोनों देशों के बीच कूटनीतिक तनाव चरम पर है और हाल ही में जम्मू-कश्मीर में हुए आतंकी हमले के बाद माहौल और भी संवेदनशील हो गया है। उनका कहना है कि क्रिकेट को अगर केवल एक खेल की तरह देखा जाए, तो यह उचित नहीं होगा, क्योंकि इसमें देश की जनता की भावनाएं भी जुड़ी होती हैं।
उन्होंने यह भी जोड़ा कि बीसीसीआई और सरकार को इस मुद्दे पर एकमत होकर सोचना चाहिए और केवल आईसीसी या एशियन क्रिकेट काउंसिल के दबाव में आकर कोई फैसला नहीं लेना चाहिए। “क्रिकेट कोई प्राथमिकता नहीं है, प्राथमिकता देश की सुरक्षा है,” अज़हरुद्दीन ने यह बयान देकर स्पष्ट कर दिया कि उनकी सोच कितनी राष्ट्रवादी है।
एशिया कप के बारे में
बता दें कि एशिया कप टी20 प्रारूप के हिसाब से खेला जाएगा, जिसमें कुल 19 मैच होंगे। दुबई और अबुधाबी में मैच खेले जाएंगे और बीसीसीआई इसका आधिकारिक मेजबान होगा। याद दिला दें कि भारत और पाकिस्तान दोनों देशों ने एक-दूसरे की जमीन पर 2027 तक नहीं खेलने पर सहमति जताई है। इसलिए यूएई को तटस्थ स्थान के रूप में चुना गया।
भारत और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मुकाबले सिर्फ मैदान पर नहीं, बल्कि राजनीतिक और सामाजिक मंचों पर भी चर्चा का विषय बन जाते हैं। अज़हरुद्दीन का बयान इसी बहस को एक नई दिशा देता है।


