85 पदक, 21 स्वर्ण… एशियाई खेलों में भारत ने दमदार प्रदर्शन के साथ किया सफर पूरा

एशियाई खेल 2026 में भारतीय खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
हांगझोऊ के ऐतिहासिक प्रदर्शन से भारत कितना पीछे?

नई दिल्ली। एशियाई खेल 2026 में शनिवार को 15वें और खेलों के लिहाज से आखिरी दिन भारत ने पदक तालिका में चौथे स्थान पर रहते हुए अपने अभियान का समापन किया। शनिवार को भारतीय खिलाड़ियों ने तीरंदाजी, गोल्फ, क्रिकेट, कुश्ती और हॉकी में शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 9 पदक अपने नाम किए। दिन की सबसे बड़ी उपलब्धियों में कुमकुम मोहोद का व्यक्तिगत रिकर्व में ऐतिहासिक स्वर्ण, प्रणवी उर्स का गोल्फ में स्वर्ण, भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम और पुरुष हॉकी टीम का स्वर्ण तथा अमन सहरावत का कुश्ती में स्वर्ण शामिल रहा। रविवार को एशियाई खेल 2026 का समापन समारोह आयोजित किया जाएगा।

इन उपलब्धियों के बाद भारत के कुल पदकों की संख्या 85 हो गई है। भारत ने कुल 21 स्वर्ण, 27 रजत और 37 कांस्य पदक जीते हैं और पदक तालिका में चौथे स्थान पर है। पदक तालिका में चीन 341 पदकों के साथ शीर्ष पर रहा, जिसमें 169 स्वर्ण, 89 रजत और 83 कांस्य शामिल हैं। जापान 267 पदकों के साथ दूसरे और दक्षिण कोरिया 149 पदकों के साथ तीसरे स्थान पर है।

एशियाई खेलों के पिछले संस्करण, हांगझोऊ 2022 में भारत ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए पहली बार 100 से अधिक पदक जीते थे। भारत ने वहां कुल 107 पदक हासिल किए थे, जिनमें 28 स्वर्ण, 38 रजत और 41 कांस्य शामिल थे।

इसके मुकाबले एशियाई खेल 2026 में भारत के खाते में 85 पदक—21 स्वर्ण, 27 रजत और 37 कांस्य—हैं। यानी हांगझोऊ के कुल पदक रिकॉर्ड की तुलना में भारत इस बार 22 पदक पीछे रहा। स्वर्ण पदकों में भी इस बार भारत के पास 21 हैं, जबकि हांगझोऊ में उसने 28 स्वर्ण जीते थे।

हालांकि, 2026 खेलों में भारतीय खिलाड़ियों ने कई ऐसी उपलब्धियां हासिल की हैं, जो देश के एशियाई खेल इतिहास में पहली बार दर्ज हुई हैं। तीरंदाजी, गोल्फ, कुश्ती, हॉकी और क्रिकेट सहित कई खेलों में भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने पदक अभियान को खास बना दिया है।

लेखक के बारे में

By Sujit Sinha

Senior Software Developer & IT Operations professional, with additional experience as an Assistant Editor covering political and geopolitical affairs. Working across technology, digital operations, news editing and analysis of political and international developments.

Read More