वायुसेना प्रमुख का बड़ा खुलासा: ऑपरेशन सिंदूर में पाकिस्तान के 5 F-16 लड़ाकू विमान ध्वस्त

नई दिल्ली: भारतीय वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल अमर प्रीत सिंह ने ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली प्रेस वार्ता में जानकारी दी कि भारत ने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान के एयरबेस पर हमला कर उसके 4-5 एफ-16 समेत कई अहम लड़ाकू विमान मार गिराए। इस दौरान उन्होंने बताया कि भारत ने तीन प्रमुख एयरफील्ड्स, कई रडार, कमांड और कंट्रोल सेंटर्स, रनवे एवं हैंगरों को टारगेट किया, जिससे पाकिस्तान की हवाई शक्ति को भारी क्षति पहुंची। साथ ही, पाकिस्तान की सतह से हवा में मार करने वाली SAM प्रणाली भी भारतीय हमलों का शिकार बनी.
एयर चीफ मार्शल ने बताया कि ऑपरेशन सिंदूर तीनों सेनाओं वायुसेना, थलसेना एवं नौसेना के तालमेल का बेहतरीन उदाहरण रहा, जिसका पूरा विश्व गवाह बना। पाकिस्तान ने भारतीय विमानों को मार गिराने के कई दावे किए, जिन्हें उन्होंने पूरी तरह से झूठा और बिना किसी प्रमाण के बताया.
ऑपरेशन के तहत भारतीय वायुसेना ने पाकिस्तानी ठिकानों पर लोकेशन इंटेलिजेंस और आधुनिक लॉन्ग रेंज हथियारों की सहायता से हमला बोलकर 300 किलोमीटर भीतर तक वार किया। भारत की इस शक्ति ने पाकिस्तान को युद्धविराम की प्रार्थना करने पर मजबूर कर दिया.
इस पूरे मिशन के दौरान भारत की वायु रक्षा प्रणाली की सटीकता और आत्मनिर्भरता देश की रक्षा रणनीति में एक नया मानदंड साबित हुई। इसी के साथ ‘सुदर्शन चक्र’ वायु रक्षा प्रणाली पर भी तेज़ी से काम शुरू कर दिया गया है


