‘आज तुम नहीं मरोगे’… फ्लाईदुबई फ्लाइट में क्या हुआ? यात्री ने सुनाई खौफनाक कहानी

इजरायली यात्री यानिव हायुन ने बेटी के साथ सफर के दौरान प्लेन को क्रैश होने से बचाने में कैप्टन की मदद की। (photo- ITG)
कॉकपिट में पहुंचे यात्री

नई दिल्ली: दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब कॉकपिट के अंदर हिंसक घटना हुई। इस दौरान भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार घायल हो गए। घटना के बाद यात्रियों ने कॉकपिट में पहुंचकर स्थिति संभालने की कोशिश की।

इजरायली यात्री यानिव हयून ने इस खौफनाक सफर का अनुभव साझा किया है। हयून के मुताबिक, जब वह कॉकपिट में पहुंचे, तो कैप्टन स्मित मच्छार घायल हालत में फर्श पर पड़े थे। उन्हें देखकर हयून ने कहा, “आज तुम नहीं मरोगे।”

यानिव हयून के अनुसार, घटना के दौरान कॉकपिट का दरवाजा खुला था। वह एक क्रू मेंबर के साथ कॉकपिट के अंदर पहुंचे। वहां उन्होंने कैप्टन को घायल हालत में देखा, जबकि को-पायलट विमान के कंट्रोल के पास था।

हयून ने को-पायलट को पीछे से पकड़कर कंट्रोल से दूर करने की कोशिश की। इसके बाद यात्रियों ने स्थिति को संभालने में मदद की।

यात्रियों ने संभाला विमान

हयून ने बताया कि उस समय विमान तेजी से नीचे जा रहा था। उन्होंने विमान को स्थिर करने की कोशिश की। बाद में फ्लाइट में मौजूद दो ऑफ-ड्यूटी पायलट कॉकपिट में पहुंचे और विमान का नियंत्रण संभाल लिया।

हयून के मुताबिक, उन्हें विमान के कंट्रोल को लेकर कुछ जानकारी टीवी कार्यक्रम ‘Air Crash Investigation’ देखने से मिली थी।

तबुक में हुई इमरजेंसी लैंडिंग

घटना के बाद फ्लाइट को सऊदी अरब के तबुक की ओर मोड़ा गया, जहां उसकी इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। इस फ्लाइट में 174 लोग सवार थे।

यानिव हयून ने घायल कैप्टन स्मित मच्छार को इस पूरे घटनाक्रम में महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि वह कैप्टन से व्यक्तिगत रूप से मिलकर उनका हाल जानना और उन्हें धन्यवाद देना चाहते हैं।

घटना के पीछे पूरी वजह और कॉकपिट में हुई हिंसक झड़प के कारणों को लेकर जांच की जा रही है।

लेखक के बारे में

By Mohit Sinha

Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.

Read More