न रोकने वाला है न टोकने वाला, छाई का खेल जारी

लोकल ही नहीं बाहर से छाई और घटिया कोयला मंगाकर भरी जा रही हैं जेबें, कोयले की गुणवत्ता की जांच-पड़ताल नहीं, खरीददार कम्पनियों से भी मिलीभगत

डेस्क: देश के विद्युतगृहों में कोयले की किल्लत और बढ़े दामों को जिले के कोयला कारोबारी जमकर भुना रहे हैं। निजी कम्पनियों के अधिकांश पावर प्लांटों में विदेश से आयातित कोयले का उपयोग होता रहा है। बीते वर्ष से विदेशी कोयले के दाम काफी ज्यादा बढ़ गये हैं, जिससे आयात घटा है। ऐसे में स्वदेशी कोयले पर निर्भर विद्युत उत्पादकों को जमकर ठगा जा रहा है। एनसीएल से ऐसे ही विद्युत उत्पादक कम्पनियां सीधे तौर पर कोयले की खरीद करती हैं. जिस पहुंचाने की जिम्मेदारी ट्रांसपोर्ट्स निभाते हैं, इन्ही जिम्मेदारियों के बीच खरीदे गए कोयले की गुणवत्ता को प्रभावित कर, अपनी रोटी सकी जा रही है। कोयला ट्रांसपोर्ट पावर प्लांटों के द्वारा एनसीएल से खरीदे गए कोयले को गंतव्य तक पहुंचाने के काम करते हैं।

एनसीएल और खरीददार के बीच हुए अनुबंध के तहत भारत सरकार को एक थर्ड पार्टी के द्वारा खदानों में डिस्पैच के समय सैम्पलिंग कर दी जाती है। कोयले की जितनी मात्रा खदान से उठती है, उसका मूल्यांकन थर्ड पार्टी की सैम्पलिंग के आधार पर तय कर दी जाती है। अमूमन जी-9 और जी-10 ग्रेड का कोयला निजी और सरकारी पावर प्लांटों में उपयोग किया जाता है। इन कोल ट्रांसपोटर्स को खदान से कोलयार्ड और फिर कोलगार्ड से गंतव्य तक, कोयला रैक के जरिये पहुंचाने की जिम्मेदारी होती है। इसी दौरान इसी दौरान मिलावट का कारोबार होता है। सूत्रों का कहना है कि जिले में कोयले में मिक्स करने वाली छाई की उपलब्धता कम होने पर, इसे बाहर से भी मंगाया जाता है। इसके अलावा घटिया कोयला आसपास की मंडियों से मंगा कर मिलाया जाता है और अच्छा कोयला उन्हीं मंडियों में भेज दिया जाता है।

उड़ीसा से जुड़ते हैं तार

छाई कारोबार के लिए कोयला ट्रांसपोर्टर्स, उड़ीसा से ट्रकों के जरिए छाई मंगवाते हैं। बताया तो यह भी जा रहा है कि इसे दबंग और ऊंची रसूख वाले ट्रांसपोर्टर्स तो रेलवे से भी कोयले में मिक्स करने के लिए वेस्ट मटेरियल मंगा लेते हैं। जिसे चारकोल या अलग-अलग नामों से सिंगरौली, महदेइया, गांडवाली या बरगवां कोलयार्ड में अनलोड कर दिया जाता है। सुविधा के अनुसार पूरी की पूरी रैक ऐसे कोल यार्ड में खपा दी जाती है। इस प्रकार की रैक के आने पर रेलवे कर्मचारियों की भी मिलीभगत होती है, जो अपना हिस्सा लेकर माल कहां से किसके द्वारा मंगाया गया है सब गुप्त रखते हैं।

पावर प्लांट तक होती है सेटिंग

कारोबार से लोगों की मानें तो खरीदार बिजली उत्पादक कंपनी के प्लांट में गुणवत्ता के अनुसार कोयला नहीं पहुंचाने पर भी किसी प्रकार का ऑब्जेक्शन नहीं किया जाता है। ऐसे में ट्रांसपोर्ट मिलीभगत कर उन कंपनियों के अधिकारियों को भी अपने नेटवर्क में शामिल कर लेते हैं जिन पर कंपनी में कोयला पहुंचाने पर गुणवत्ता की जांच करने की जिम्मेदारी होती है। 2 वर्ष पूर्व एक कंपनी के द्वारा कोयले की गुणवत्ता पर आपत्ति दर्ज कराए जाने पर सिंगरौली कोलयार्ड में जांच-पड़ताल हुई थी तब ऐसे कारोबारियों की शिनाख्त हुई थी।

अनुबंध का उठाते हैं फायदा

कोयला कारोबार की दृष्टि से महदेइया रेलवे स्टेशन का कोलयार्ड मिलावट खोरी का प्रमुख केंद्र बनता जा रहा है, जहां से राजस्थान, गुजरात और दिल्ली की ओर से निजी पावर प्लांटों में कोयला आपूर्ति किया जाता है। निजी तौर पर ऐसे पावर प्लांट कैप्टिव नेचर के होते हैं, जो स्वयं के उपयोग के लिए बिजली का उत्पादन करते हैं और कम क्षमता वाले होते हैं। जानकारी के मुताबिक ऐसे पावर प्लांट की स्थापना से पहले ही यह सुनिश्चित कर अनुबंध किया जाता है कि वे कहां से कोयला उठाएंगे। वहीं के कोयले के अनुसार, पावर प्लांट को तैयार किया जाता है। जिसका फायदा ट्रांसपोर्टेशन के नाम पर मिलावट कर उठाया जा रहा है।

समूचे देश में फैला रहे प्रदूषण

मिलावटखोरों की वजह से दूरदराज के पावर प्लांट भी अधिक प्रदूषण करने और मापदंड के विपरीत फ्लाई ऐश उगलते हैं। मिलावटी कोयले में कार्बन उत्सर्जन अधिक और ऊर्जा कम होती है जिससे प्रदूषण ज्यादा फैलता है। महदेइया में हो रही मिलावट से सिर्फ स्थानीय ही नहीं बल्कि देश के दूर-दराज में स्थापित विद्युत संयंत्रों से भी भारी प्रदूषण हो रहा है। जिले में ट्रांसपोर्टिंग सिस्टम के जरिए और अप्रत्यक्ष रूप से पावर प्लांटों से पूरे देश में प्रदूषण फैलाने का कार्य किया जा रहा है।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More