धानभाषा पंचायत में मनायी गई महान वैज्ञानिक आचार्य जगदीश चंद्र बोस की 164वीं जयंती

रानीश्वर (दुमका) : ज्ञान विज्ञान समिति की जिला समिति के द्वारा बुधवार को धानभाषा के पंचायत भवन के पंचायत समन्वयक प्रखंड समन्वयक और नौजवानों के साथ महान वैज्ञानिक सर जगदीश चंद्र बोस का जन्म दिवस मनाया गया। जन्म दिवस में मुख्य रूप से विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रोफेसर डॉ डीके सेन अध्यक्ष वैज्ञानिक जागरूकता उप समिति, झारखंड ने कहा कि अजीब बात है कि दो महान विभूति जिनका जन्म बंगाल में हुआ लेकिन उन्होंने अपनी कर्म भूमि झारखंड को बनाया। इनमें से एक पंडित ईश्वर चंद्र विद्यासागर एवं महान वैज्ञानिक सर जगदीश चंद्र बसु थे। जगदीश चंद्र बसु का जन्म बांग्लादेश के मुंशीगंज जिले में हुआ था, उनकी पढ़ाई लिखाई बचपन में बांग्लादेश में हुई उसके बाद कोलकाता विश्वविद्यालय से भौतिक शास्त्र में पढ़ाई करने के बाद लंदन के ऑक्सफोर्ड विश्वविद्यालय में पढ़ाई हुई। वे एक ऐसे वैज्ञानिक थे, जिन्होंने भौतिक शास्त्र से लेकर वनस्पति शास्त्र तक में नई-नई खोज की। उन्हीं की देन टेलीग्राम था। रेडियो सिंगल और माइक्रो वेव का अविष्कार उन्होंने किया।

उन्होंने ही पहले साबित किया कि पेड़ पौधों में भी जीवन होता है। उन्हें दुनिया कभी नहीं भूल सकती। इस कार्यक्रम में अपनी बात रखते हुए भारत ज्ञान विज्ञान समिति के राष्ट्रीय महासचिव डॉक्टर काशीनाथ चटर्जी ने कहा कि पूरी दुनिया के बदलने में और विकास में वैज्ञानिकों का बहुत बड़ा योगदान है, लेकिन समाज ने इसे कभी भी समझने का कोशिश नहीं की।

बल्ब के आविष्कार से लेकर स्टीम इंजन तक का आविष्कार, हवाई जहाज का आविष्कार छोटे-छोटे आविष्कार से लेकर बड़े आविष्कार ने मानव सभ्यता को बदल दिया, लेकिन मनुष्यों ने वैज्ञानिकों के बारे में बहुत अच्छे ढंग से नहीं सोचा। आज जब हम सर जगदीश चंद्र बसु का जन्म दिवस मना रहे हैं तो हमें पूरे दुमका जिले में आने वाले दिन में महान वैज्ञानिकों की जिंदगी को लेकर नौजवानों का जन वाचन आंदोलन चलाना होगा। आज समाज 21 वीं शताब्दी में अंधविश्वास के तरफ बढ़ रहा है। अंधविश्वास को खत्म वैज्ञानिक जागरूकता ही कर सकती है। बहुत दुख की बात है कि आदिवासी समाज के कम बच्चे विज्ञान को पढ़ते हैं, उसका मुख्य कारण है, मातृभाषा में पढ़ाई का नहीं होना। इस क्षेत्र के अधिकतर बच्चे संथाली और बंगाली हैं और पढ़ाई हिंदी में होती है। स्कूल में ऐसे शिक्षकों की व्यवस्था करना चाहिए जो संताली-बंगाली भी समझें और हिंदी में शिक्षा दें। प्रखंड कॉर्डिनेटर पूर्ण चंद्र पाल ने ने अध्यक्षता करते हुए कहा कि हम प्रखंड के विभिन्न पंचायतों में सात सामुदायिक शिक्षण केंद्र को संचालित कर रहे हैं। यहां भी हम वैज्ञानिकों के बारे में बच्चों के साथ बातचीत करेंगे और वैज्ञानिक चिंतन का शुरुआत करेंगे। उधर भारत सेबाश्रम संघ के स्वामी प्रणवानंद विद्यामंदिर में भी सर जगदीश चंद्र बोस जयंती मनायी गयी। अध्यापक हरेंद्र कुमार माझी की अगुआई में हुई जयंती समारोह में जयदेव दे सुकमोह हेम्ब्रम, गोबिंद यादव, सगुन हांसदा, देबू सोरेन, परमिता दत्त एवं अन्य छात्रों ने भाग लिया।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More