ओलिंपिक में भारत ने 41 साल बाद जीता हॉकी में मेडल, जर्मनी को 5-4 से हरा कर कांस्य पदक पर किया कब्जा

टोकियो/नयी दिल्ली : दुनिया की सबसे बड़ी खेल प्रतिस्पर्धा ओलिंपिक में भारत ने 41 साल बाद मेडल जीता है। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने बुधवार को जर्मनी को 5-4 से हरा कर कांस्य पदक पर कब्जा कर लिया। भारतीय हॉकी टीम की इस उपलब्धि के बाद देश में खुशी का माहौल है। विभिन्न प्रमुख हस्तियों ने भारतीय टीम की इस उपलब्धि पर बधाइयां भी दी हैं।


राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कहा है कि हमारी पुरुष हॉकी टीम को 41 साल बाद हॉकी में ओलिंपिक पदक जीताने के लिए बधाई। यह ऐतिहासिक जीत हॉकी में एक नए युग की शुरुआत करेगी और युवाओं को खेल में आगे बढाने और उत्कृष्टता के लिए प्रेरित करेगी।


प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि यह एक ऐसा ऐतिहासिक दिन है जो हर भारतीय की स्मृति में अंकित होगा। कांस्य पदक जीतने के लिए हमारी पुरुष हॉकी टीम को बधाई। भारत को अपनी टीम पर गर्व है।

ओडिशाा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने भारतीय हॉकी टीम को बधाई देते हुए कहा है कि 41 साल के लंबे अंतराल के बाद हमें ओलिंपिक पदक दिलाने के लिए भारतीय पुरुष हॉकी टीम को बधाई। यह ऐतिहासिक जीत खिलाड़ियों को प्रेरित करती रहेगी।

भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कप्तान मनप्रीत सिंह की मां ने जालंधर में कहा: 41 साल बाद भारत की टीम जीती है, यह बहुत खुशी की बात है। भगवान ने मेरी अरदास सुन ली। मनप्रीत की मां के आंखों में खुशी के आंसु थे।


उधर, अमृतसर में हॉकी खिलाड़ी गुरजंत सिंह के घर भी खुशियां मनायी गयी। उनकी मां ने बताया हमें बहुत खुशी है कि खिलाड़ियों ने आज का मैच जीत लिया है। उन्होंने पंजाब एवं भारत का नाम रौशन किया है।

मणिपुर के इंफाल में भी लोगों ने भारतीय हॉकी टीम की जीत की खुशियां मनायीं।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More