व्हिलचेयर पर ममता बनर्जी का पुरुलिया में चुनावी भाषण, अमित शाह ने दीदी से पूछा बड़ा सवाल

पुरुलिया(पश्चिम बंगाल) : पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री व तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष ममता बनर्जी पैरों में चोट के बीच चुनाव अभियान में उतर चुकी हैं। इस क्रम में ममता बनर्जी ने सोमवार को पुरुलिया में एक जनसभा को संबोधित किया। ममता बनर्जी ने व्हिल चेयर पर बैठ कर जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि हम लड़ेंगे, करेंगे और जीतेंगे।

ममता बनर्जी ने अपने संबोधन के दौरान भाजपा, कांग्रेस व सीपीएम के खिलाफ नारे भी लगवाये। ममता बनर्जी ने लोगों से नारा लगवाया कि चाय ना बीजेपी के चाय ना, चाय ना कांग्रेस के चाय ना, सीपीएम के चाय ना। उन्होंने भाजपा की विदाई के भी नारे लगवाये और कहा कि खेला होबे, देखा होबे, जीता होबे।

वहीं, भाजपा नेता व केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल के रानीबांध में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि हमें आशा थी कि कम्युनिस्ट शासन जाने के साथ ही बंगाल से राजनीतिक हिंसा समाप्त हो जाएगी। मगर राजनीतिक हिंसा और बढ गयी। भाजपा के 130 से अधिक कार्यकर्ता मारे गए।

अमित शाह ने कहा कि ममता दीदी के पैर में चोट आयी है। अब यह तय नहीं हो रहा है कि चोट कैसे आयी। चुनाव आयोग कहता है कि हमला नहीं हुआ है, हादसा हुआ है। अमित शाह ने ममता बनर्जी से सवाल पूछा कि दीदी आपके पैर में चोट आयी आप बहुत दुखी हो गयीं। आपकी राजनीतिक हिंसा ने हमारे 130 कार्यकर्ताओं की जान ले ली, आप उनकी माताओं का दर्द जानती हैं?

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More