मानसून सत्र: लैंड म्यूटेशन बिल सहित कई मुद्दों पर विपक्षी दलों ने किया प्रदर्शन

रांची: झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र का आज दूसरा दिन है. विपक्षी दल भाजपा के विधायकों ने झारखंड सहायक पुलिसकर्मियों के मामले में सदन के बाहर धरना दिया है. कोरोना संकट के बीच झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र तीन दिनों के लिए आयोजित किया गया है. झारखंड के सहायक पुलिसकर्मियों का आंदोलन का मामला हो, लैंड म्यूटेशन बिल या विधि-व्यवस्था का मसला हो.

विपक्षी दल भाजपा इन मुद्दों पर हेमंत सरकार को घेरने की तैयारी में है. नेता प्रतिपक्ष की मान्यता का मामला भी सदन में भाजपा उठा सकती है. काफी दिनों से इस पर विवाद चल रहा है. आपको बता दें कि झारखंड विधानसभा सचिवालय ने इस मामले में बाबूलाल मरांडी, प्रदीप यादव और बंधु तिर्की से जवाब तलब किया है और इन्हें सात अक्टूबर तक का समय दिया गया है.

सरना धर्म कोड को लेकर आदिवासी संगठन मुखर हैं. आदिवासी संगठनों ने इसके लिए मानव श्रृंखला बनाकर अपनी एकता का प्रदर्शन भी किया. इसे लेकर भी केंद्र को प्रस्ताव भेजने का दबाव राज्य की हेमंत सोरेन सरकार पर है. रांची में पुलिस गेस्ट हाउस में नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म मामले में भी भाजपा सरकार को घेर सकती है.

झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के दौरान आज मुख्यमंत्री प्रश्नकाल नहीं है. पूर्व में विधानसभा सत्र के दौरान सोमवार को मुख्यमंत्री प्रश्नकाल के लिए आधा घंटा समय निर्धारित रहता था. इस दौरान विधायक मुख्यमंत्री से सीधे नीतिगत सवाल पूछते थे. आज सिर्फ प्रश्नकाल है. इसमें विधायक तारांकित और अल्पसूचित प्रश्न पूछते हैं.

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More