उत्तरप्रदेश के कन्नौज में एक्सप्रेस वे पर दरभंगा से दिल्ली जा रही बस दुर्घटनाग्रस्त, छह मरे, 18 घायल

कन्नौज : उत्तरप्रदेश के कन्नौज जिले में रविवार की सुबह बिहार के दरभंगा से दिल्ली जा रही एक बस दुर्घटनाग्रस्त हो गयी. इस हादसे में छह लोगों की मौत हो गयी और 18 घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है. हादसा सुबह तब हुआ जब बस ने सड़क पर खड़ी एक एसयूवी को पीछे से टक्कर मार दी और फिर 20 फीट नीचे पलट गयी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि एसयूवी भी नीचे जा गिरी.


इस हादसे में बस का चालक सहित छह लोगों की मौत हो गयी, जबकि एसयूवी का चालक घायल हुआ है. एसयूवी चालक सुबह में थक जाने के कारण गाड़ी को हाइवे पर किनारे में खड़ा कर आराम कर रहा था, तभी बस ने पीछे से उसे धक्का मार दिया.

एसयूवी चालक लखनऊ से लुधियाना जा रहा था, जबकि बस में बिहार से काम धंधे के लिए वापस लोग दिल्ली जा रहे थे. देश में अनलाॅक की प्रक्रिया शुरू होने के बाद कई इलाकों से लोग फिर महानगरों व औद्योगिक राज्यों की ओर रोजगार के लिए जा रहे हैं.

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने घायलों की मदद की. हालांकि सूचना मिलने के बाद कुछ ही देर में राहत बचाव टीम व पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सैफई व तिर्वा के अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया.

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More