रिम्स निदेशक को पद से हटाने के मुद्दे पर बाबूलाल मरांडी ने सीएम हेमंत सोरेन को दिया यह सुझाव

रांची : रिम्स के निदेशक को पद से हटाने के मुद्दे पर विपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नाम एक पत्र लिखा है. इसमें उन्होंने कहा है कि विगत दो दिनों से रिम्स निदेशक डा डीके सिंह को विरमित करने को लेकर राजधानी में जो घटनाक्रम हो रहा है, कोरोना जैसे गंभीर मौके पर इसको कतई उचित नहीं ठहराया जा सकता है.

बाबूलाल मरांडी ने लिखा है कि जैसी जानकारी प्राप्त हो रही है कि रिम्स निदेशक ने एम्स भटिंडा में अपने चयन के बाद झारखंड में कोरोना संकट और इसमें रिम्स की महत्ती भूमिका के मद्देनजर मानवता के तौर पर विभाग से कोरोना की स्थिति सामान्य होने के बाद विरमित करने का स्वयं आग्रह किया है. उन्होंने यह भी अनुरोध किया है कि कोरोना के बाद उनको विरमित करने की जानकारी लिखित रूप से केन्द्रीय स्वास्थ्य सचिव को उपलब्ध करा दी जाए. विभाग ने निदेशक के इस प्रस्ताव को स्वास्थ्य मंत्री के पास भेज दिया. स्वास्थ्य मंत्री ने निदेशक की इस भावना का कद्र करने की बजाय इनको तत्काल हटाने की अनुशंसा करते हुए संचिका को आपके पास भेज दिया है. एम्स भटिंडा में एक्सक्यूटिव डायरेक्टर जैसे महत्वपूर्ण पद पर अपनी नियुक्ति के बाद भी कोरोना संकट खत्म होने के बाद झारखंड छोड़ने के निदेशक के भावनात्मक आग्रह को समझने की जरूरत है कि इन्होंने अपने पेशे से अधिक महत्व राज्यहित को दिया. इसके विपरीत सरकार के मंत्री द्वारा इस प्रकार निदेशक को जलील किए जाने का प्रयास करना, कोरोना जैसे संकट के बीच इन्हें हटाने की बात करना काफी घृणित और शर्मनाक है.

मंत्री द्वारा विरमित करने की अनुशंसा से कहीं-न-कहीं इनकी भावना भी आहत होगी. मरांडी ने मुख्यमंत्री को लिखा है – अब तो यही लगता है आपके सहयोगी दल के मंत्रियों की एक के बाद एक कारगुजारी आपकी जान को सांसत में डाले हुए है. आप इससे क्यों नहीं निकल पा रहे हैं. मुख्यमंत्री सरकार व राज्य के मुखिया होते हैं. ऐसे में बगैर आपकी सहमति के कोई मंत्री इस प्रकार कैसे कर सकता है. यह सवाल भी लाजिमी है. मुख्यमंत्री जी, ऐसी प्रवृति व मंत्री की कारस्तानी पर लगाम लगाइए. कोरोना जैसी वैश्विक आपदा को लूट का जरिया बनने मत दीजिए. अभी तो सरकार का जन्म ही हुआ है. मरांडी ने मुख्यमंत्री को सुझाव दिया है कि रिम्स के निदेशक से वे अनुरोध करें कि कोरोना संकट तक इस पद पर बने रहें. इससे आपकी भी गरिमा बनी रहेगी.

अतएव आपसे मेरा आग्रह होगा कि निदेशक की संचिका जो आपके पास विचाराधीन है, इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए कोरोना संकट तक रिम्स के निदेशक को उनके पद पर बनाए रखें. ताकि निदेशक की भावना का भी कद्र हो जाए और कोरोना के समय में रिम्स की चिकित्सीय व्यवस्था भी यथावत चलती रहे. साथ ही ऐसे मंत्रियों पर भी लगाम लगाएं कि वे ऐसे प्रतिकूल समय में अनुपयोगी मामले में अपनी ऊर्जा जाया नहीं कर अपना सारा ध्यान कोरोना को परास्त करने में लगाएं.

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More