कोरोना से जंग : नीतीश कुमार ने 100 करोड़ के राहत पैकेज का किया एलान

पटना : बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कोरोना महामारी और 21 दिन के लाॅकाडाउन को लेकर बाहर फंसे बिहार वासियों व राज्य के अंदर मुश्किलों का सामना कर रहे लोगों के लिए 100 करोड़ रुपये के राहत पैकेज का एलान किया है. बिहार के श्रमिक वर्ग के लोगों प्रवासी के रूप में बड़ी संख्या में दूसरे राज्यों में रहते हैं. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज अपने वरिष्ठ कैबिनेट सहयोगियों व राज्य सरकार के शीर्ष अफसरों के साथ एक बैठक कर इस संबंध में फैसला लिया.

सरकार ने 100 करोड़ रुपये जारी किया है, जिसका उपयोग बिहार के अंदर के श्रमिक, रिक्शा चालक, ठेला चालक, वेंडर व अन्य गरीब तबके के लोग व अन्य गरीब जो अपने गांव से दूर शहरों में फंसे हुए हैं, उनकी मदद की जाएगी. उनके लिए राहत केंद्र का निर्माण किया जाएगा और भोजन एवं आवास की व्यवस्था की जाएगी. जो लोग बिहार के बाहर फंसे हुए हैं या घर लौटते समय रास्ते में कहीं फंस गए उन्हें रेसिडेंट कमिश्नर के माध्यम से संबंधित राज्य सरकार व स्थानीय प्रशासन से संपर्क स्थापित कर भोजना व आवास का बिहार सरकार अपने खर्च पर प्रबंधन कराएगी.


आपदा राहत केंद्र में कोरोना से संबंधित स्वास्थ्य सेवाएं भी उपलब्ध रहेंगी. वहां संक्रमण से निबटने के लिए डाॅक्टर भी रहेंगे. नीतीश कुमार ने कहा कि कोरोना संक्रमण के कारण घर से बाहर कहीं फंसे लोगों की स्थिति को सरकार आपदा मान रही है और उनकी मदद उसी तरह की जाएगी जैसे आपदा के दौरान की जाती है. उन्होंने कहा कि बिहार में अन्य राज्यों के फंसे लोगों की भी मदद उसी तरह की जाएगी और उनके लिए आवास व भोजन का प्रबंध किया जाएगा.

बिहार ने दो हेल्प लाइन नंबर भी जारी किया है, जो इस प्रकार है 981831252 और 9773711261.

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More