दिल्ली के दंगों में कांस्टेबल अनीस के जले घर को बनवाएगी बीएसएफ, देगी पांच लाख की मदद

नयी दिल्ली : दिल्ली के दंगों में एक बीएसएफ जवान के जले घर के निर्माण के लिए आज बीएसएफ की टीम पहुंची. दिल्ली के खजूरी खास इलाके में बीएसएफ के जवान मोहम्मद अनीस का घर जला दिया गया था, जिसके बाद बीएसफ अधिकारियों की एक टीम अनीस के घर पहुंची और बीएसएफ के डीजी की ओर से परिवार को भेंट दी. अनीस ओडिशा के नक्सल इलाके में तैनात हैं.

तीन महीने बाद अनीस की शादी होनी थी. पर, उनका घर जला दिया. हालांकि उन्होंने अपने घर जलाने की जानकारी अपने अधिकारियों को नहीं दी. पर, समाचारों के जरिए उनके सीनियर्स यह जान गए कि उनके साथ यह हादसा हुआ है.


इसके बाद बीएसएफ के अफसरों व सीनियर्स ने आपस में चर्चा कर मदद की योजना बनायी. बीएसएफ ने अपने जवान के घरवालों को मदद की पेशकश की. इसके लिए उनके पिता से संपर्क साधा गया. बीएसएफ के जवान अनीस के पिता मोहम्मद मुनिस व चाचा मोहम्मद अहमद और 18 वर्षीया बहन नेहा परवीन को मदद की पेशकश की गयी. जिस समय दंगाई उनके घर पर हमले के लिए बढे थे वे सब उस समय वहां मौजूद थे और भागने में सफल रहे थे.


बीएसएफ के डीजी विवेक जोहरी ने इस संबंध में कहा है कि हम पीड़ित परिवार को वित्तीय मदद करेंगे और उनका घर बनाने में सहयोग करेंगे. उन्होंने बताया कि इंजीनियरिंग विभाग की एक टीम जवान के घर को हुई क्षति का आकलन कर रही है. जानकारी के अनुसार, बीएसएफ जवान अनीस को बसे बीएसएफ वेलफेयर फंड से पांच लाख रुपये की मदद दी जाएगी. अनीस ने 2013 में बीएसएफ ज्वाइन किया और करीब तीन साल जम्मू कश्मीर में भी अपनी सेवाएं दी है.

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More