चाईबासा के कस्तूरबा बालिका विद्यालय में फ़ूड प्वाइजनिंग से 400 छात्राएं बीमार

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय स्थित कस्तूरबा गाँधी आवासीय बालिका विद्यालय में हॉस्टल का खाना खाकर 400 छात्राएं बीमार हो गयी। बीमार छात्राओं में 150 की तबियत ज्यादा बिगड़ गयी है, जबकि लगभग 70 छात्राओं की सेहत बहुत गंभीर हो चुकी है। इन छात्राओं को चाईबासा के सदर अस्पताल में भर्ती किया गया है। बाकी 200 छात्राओं का इलाज छात्रावास में हो रहा है।

इन छात्राओं में से कुछ अभी 12वीं की परीक्षा दे रही हैं। इन्हें स्लाइन चढ़ाया गया है एवं परीक्षा केंद्र पर भी इनके लिए दवा-पानी की व्यवस्था की गई है। वहीँ छात्राओं के बीमार होने की खबर सुनते ही उनके परिजन सदर अस्पताल पहुंचे। वहीँ दूसरी ओर सदर अस्पताल के स्वास्थ्य कर्मी का कहना है कि एक साथ इतनी संख्या में मरीजों के आ जाने से अस्पताल में अफरा-तफरी मच गयी।

वहीँ छात्राओं ने बताया कि उन्हें गुरुवार की रात बासी खाना परोसा गया था, जिसे खाकर अधिकतर छात्राओं की तबियत आधी रात में बिगड़ने लगी। सुबह होते ही गंभीर रूप से बीमार छात्राओं को सदर अस्पताल ले जाया गया, जबकि डेढ़ सौ छात्राओं का इलाज हॉस्टल में ही चल रहा है।

इस सम्बन्ध में सूचना मिलने पर उपयुक्त  अरवा राजकमल अस्पताल पहुँचे। यहाँ उन्होंने छात्राओं का हाल जाना. इसके बाद विद्यालय पहुंचकर बीमार बच्चियों की तबियत की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि मामला गंभीर है, इसकी जांच की जायेगी एवं दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा उपायुक्त ने यह भी बताया कि कुछ छात्राओं की बोर्ड परीक्षा प्रभावित हो रही हैं। इसके लिए वे झारखंड अधिविद्य परिषद से बीमार छात्राओं की अलग से परीक्षा लेने की बात करेंगे।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More