सेंट जेवियर्स कॉलेज में तीन दिवसीय वार्षिक सांस्कृतिक उत्सव का आयोजन शुक्रवार से

रांची: राजधानी के संत जेवियेर्स कॉलेज में शुक्रवार से जेवियरोत्सव-2020 प्रारंभ होने जा रहा है। इस साल उत्सव का थीम उम्मीद: रे ऑफ होप रखा गया है। इस कार्यक्रम कुल दस हज़ार विद्यार्थी शामिल हो रहे हैं। कार्यक्रम के आकर्षण का केंद्र बैड सिंगिंग तथा चटोरे प्रतियोगिता होगा। यह कार्यक्रम 7 से 9 फरवरी तक आयोजित की जायेगी।
इस आयोजन में कुल 36 प्रतिस्पर्धाएं आयोजित की जाएंगी। जिसमे पहले दिन 14, दूसरे दिन 16 और आखिरी दिन 6 प्रतियोगिताओं को आयोजित किया जाएगा। बैड सिंगिंग कार्यक्रम में विजेता का चुनाव बेसुरा, बेताला तथा बेरागी जैसे पैमाने पर होगा। वहीँ, कार्यक्रम के अंतिम दिन पाक कला पर आधारित प्रतियोगिता चटोरे आयोजित की जाएगी। इसके अलावा हले दिन बीबीए डिपार्टमेंट, राष्ट्रीय सेवा योजना, रोट्रेक्ट क्लब व आईपैक की ओर से संयुक्त रूप से थैलेसेमिया से ग्रसित बच्चों के लिए रक्तदान शिविर लगाया जाएगा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आइएएस नितेश कुमार सिंह और आइएएस उत्कर्ष कुमार गुप्ता होंगे। ये दोनों युवा अधिकारी झारखंड के हैं। जेवियरोत्सव के संबंध में कल्चरल कोर्डिनेटर कमल बोस ने कहा कि शिक्षा, कला तथा संस्कृति के क्षेत्र में जो भी कवायद हो रही है उसकी एक ही कोशिश है कि उम्मीद बची रहे। इसलिए इस बार इस आयोजन की कल्चरल थीम उम्मीद रखी गई। इस आयोजन में सिर्फ छात्र तथा छात्राओं की सहभागिता होगी। जिससे उनमें सांगठनिक क्षमता तथा कौशल का विकास होगा।




