चंदा कोचर मुंबई में जिस घर में 22 साल से रह रही थीं, उसे इडी ने किया जब्त, अन्य संपत्तियां भी अटैच

मुंबई : प्रर्वतन निदेशालय, इडी ने मुंबई में आज आइसीआइसीआइ बैंक की पूर्व सीइओ चंदा कोचर का घर जब्त कर लिया. इडी ने मुंबई में उनका अपार्टमेंट और अन्य संपत्ति जब्त की है. इडी व अन्य सरकारी एजेंसियों उनके खिलाफ लोन आवंटन घोटाले की जांच कर रही है. चंदा कोचर पर आरोप है कि उन्होंने अपने पति दीपक कोचर व वीडियोकाॅन ग्रुप के साझा स्वामित्व वाली कंपनी को 3250 करोड़ रुपये का लोन दिलवाने में सहयोग किया. हालांकि वे इन आरोपों को खारिज करती रही हैं और कह चुकी हैं कि जिस वक्त यह कर्ज दिया गया वह उस वक्त सीइओ नहीं थी और बोर्ड की सदस्य मात्र थीं.

इडी ने आज उस फ्लैट को अटैच कर लिया, जिसमें वह अभी रह रही थीं. इसके अलावा तीन और संपत्तियों को जब्त किया गया है. ये संपत्तियां उनका व उनके पति की हैं. इसमें एक एक फार्म हाउस भी शामिल है. इन संपत्तियों का बुक वैल्यू 78 करोड़ रुपये है. हालांकि इसका मार्केट मूल्य 600 करोड़ रुपये तक बताया जा रहा है.

इडी ने चर्चगेट के सीसीआइ चेंबर्स स्थित फ्लैट को अवैध लाभ वाला करार दिया है. चंदा कोचर यहां 1997 से रह रही हैैं. यह आरोप लगाया गया है कि यह फ्लैट एक वीडियोकाॅन इकाई – क्यूटीएपीएल के पास 2009 से 2016 तक था.

पति की कंपनी को कर्ज देने के बाद विवादों में आयी चंदा कोचर को चार अक्तूबर, 2018 को पद छोड़ना पड़ा था. पिछले साल सीबीआइ ने चंदा कोचर एवं उनके पति के खिलाफ सभी एयरपोर्ट पर लुक आउट नोटिस जारी किया था. उनके साथ वीडियोकाॅन ग्रुप के मालिक वेणुगोपाल धुत के खिलाफ भी लुक आउट नोटिस जारी किया गया था, ताकि ये लोग देश छोड़ कर नहीं जा सकें.

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More