रांची : खेल मंत्री अमर कुमार बाउरी ने आज शाम होटवार स्थित एकलव्य छात्रावास में प्रशिक्षण ले रही छात्राओं से मुलाकात की। इस दौरान खेल मंत्री ने छात्रों के रहने, खाने, प्रशिक्षण किट आदि की जानकारी छात्राओं से ली। वहीं उन्होंने छात्राओं को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि आप अपने परिवार से मीलों दूर हैं, ऐसे में आपको ज्यादा मेहनत करने की जरूरत है। ताकी आपका त्याग और आपके माता पिता का त्याग सफल हो सके।
उन्होंने कहा कि आप हजारों बच्चों के बीच से चुनकर आये हो। आप बहुत खास हो, अब आप खास से खास बनाने की कोशिश करें। हमे हरियाणा को पीछे छोड़ते हुए ओलिंपिक में ज्यादा से ज्यादा गोल्ड पदक लाना है। झारखंड की शान आप पर निर्भर करती है। अब लड़ाई सेकंड से सेकंड के अंतर की है। उन्होंने कहा कि मेहनत में बेईमानी नहीं होनी चाहिए। अर्जुन की तरह लक्ष्य देखते रहना है।
आप जब मंजिल हासिल कर लोगे तो ध्रुव तारे की तरह चमक आ जायेगी। उन्होंने कहा कि आप जिस खेल में है उसकी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खबरों पर भी नजर रखे। आपका लक्ष्य बेहतर से भी बेहतर का होना चाहिए। पीएम ने भी फिट इंडिया के माध्यम से कहा है कि हमारे देश मे खेल के क्षेत्र में असीम संभावना है। आपको पीएम के उस बात को साबित करना है। आपकी ईमानदार तपस्या व्यर्थ न जाये इसका ख्याल रखना है। इस दौरान खेल मंत्री ने खेलगांव में बन रहे बॉक्सिंग रिंग का भी निरीक्षण किया।