पढ़ें रिपोर्ट: प्रकृति पर्व करमा की धूम, मांदर की थाप पर झूमे लोग

रांची: राजधानी सहित पूरे झारखंड में सोमवार को प्रकृति पर्व करम या करमा धूमधाम से मनाया जा रहा है। इस दौरान करमा-धरमा की पूजा अर्चना की गई। इसके बाद डाली, जावा और परिक्रमा के साथ आजहू दिने करम गोसाई घरे आंगनाई काल्हु करम गोसाई गंगा नदी के पार गीत में युवाओं ने जमकर नृत्य किया। लोगों ने एक दूसरे को करम पूजा की शुभकामना देते खेती अच्छी ढंग से होने के लिए प्रार्थना की।
गौरतलब है कि प्रकृति पर्व करमा भादो की एकादशी को मनाया जाता है। करमा पर्व के मौके पर झारखंड में चंहुओर खुशी का वातावरण देखने को मिला। आज के दिन आदिवासी प्रकृति की पूजा कर अच्छी फसल की कामना की व बहनें अपने भाइयों की सलामती हेतु प्रार्थना की। पूरे प्रदेशभर में आदिवासी समुदाय के लोग ढोल और मांदर की थाप पर झूमते-गाते दिखे। करमा झारखंड के अलावे पश्चिमी बंगाल, उड़ीसा, असम आदि प्रदेश में भी खासे उत्साह से मनाया जाता है। यह आस्था, विश्वास और सामाजिक एकता का महान पर्व माना जाता है। आज के दिन युवक-युवतियां नाचते-गाते हुए जंगल से करम वृक्ष की डालियां तोड़कर लाते हैं और उसे अखड़ा के बीचोंबीच गाड़ते हैं। उस दिन इसके चारो ओर युवक और युवतियों का समूह गीत गाता और नृत्य करता है। इस दौरान युवतियों के बालों में जवा फूल, रंगीन फीता और श्रृंगार की सामग्री सजी होती है। वे तीन पाड़ वाली लाल रंग की साड़ियां पहनती हैं। कुछ युवक-युवतियां ढोल-नगाड़ों की थापा पर करम डाली के इर्द-गिर्द वृताकार नृत्य करते हैं। यह नृत्य सूर्योदय होने के कुछ देर बाद तक चलता है।
राजधानी के चंहुओर सातो भाईया रे सातो करम गड़ाय, सातो भाईया रे सातो करम गड़ाय जैसे गीतों से गुंजाईमान हरा। इस बाबत रांची विवि के प्राध्यापाक गिरधारी राम गंझु कहते हैं कि करम पर्व मनाने के तौर-तरीकों में काफी बदलाव आया है। नाच- गान आदिवासियों की संस्कृति रही हैैै। आज हम थिरक तो रहे हैं, लेकिन लोकगीतों को भूल गये हैं रिकॉर्डिंग गानों पर लोगों ने झूमना शुरू कर दिया हैै। पारंपरिक गीतों का अस्तित्व खतरे में है व ढोल-मांदर की थाप पर थिरकना लोग भूलते जा रहे हैं। आजकल लोग शहरों की ओर आकर्षित हो रहे हैं और अपनी संस्कृति को कहीं न कहीं भूलते जा रहे हैं। उन्होंने बेयर गिल्स के मैन वर्सेज वाइल्ड का जिक्र करते हुए कहा कि कैसे मनुष्य जीने के लिए प्रकृति पर निर्भर रहता है। विनोबा भावे विवि के पूर्व कुलपति व जेपीएससी के पूर्व सदस्य डाॅ ज्योति लाल उंराव कहते हैं कि करम पर्व का एक और वैज्ञानिक पक्ष है। आदिवासियों को प्रकृति पूजक माना जाता है। ऐसे में करम पर्व में एक बहन की ओर से तीन करम डाल को अखड़ा में गाड़ने की प्रथा है, जबकि यह तीन डाल प्रकृति प्रेम को चित्रित करती है।
करम की कहानी
पर्व को मनाने की पीछे पौराणिक कथा कर्मा और धर्मा नामक दो भाईयों से जुड़ी है। कहा जाता है कि दोनों भाईयों ने अपनी बहन की रक्षा के लिए अपनी जान को दांव पर लगा दिया था। दोनों भाई काफी गरीब थे। उनकी बहन बचपन से ही भगवान से उनकी सुख-समृद्धि की कामना करती थी। बहन द्वारा किए गए तप के कारण ही दोनों भाईयों के घर में सुख-समृद्धि आई थी। इस एहसान का बदला चुकाने के लिए दोनों भाईयों ने दुश्मनों से अपनी बहन की रक्षा करने के लिए जान तक गंवा दी थी। इस पर्व की परंपरा यहीं से मनाने की शुरुआत हुई थी। इस त्योहार से जुड़ी दोनों भाईयों के संबंध में एक और कहानी है। जिसके मुताबिक एक बार कर्मा परदेस गया और वहीं जाकर व्यापार में रम गया। बहुत दिनों बाद जब वह घर लौटा तो उसने देखा कि उसका छोटा भाई धर्मा करमडाली की पूजा में लीन है। धर्मा ने अपने बड़े भाई के लौट आने पर कोई खुशी जाहिर नहीं की। यहां तक कि वह पूजा में ही तल्लीन रहा।
इससे कर्मा क्रोधित हो गया और करमडाली, धूप, नैवेद्य आदि को फेंक दिया और भाई के साथ झगड़ने लगा। मगर धर्मा सबकुछ चुपचाप सहता रहा। वक्त बीतता गया और कर्मा को देवता का कोपभाजन बनना पड़ा, उसकी सारी सुख-समृद्धि खत्म हो गई। आखिरकार धर्मा को दया आ गई और उसने अपनी बहन के साथ देवता से प्रार्थना किया कि उनके भाई को क्षमा कर दिया जाए। दोनों की प्रार्थना ईश्वर ने सुन ली और एक रात कर्मा को देवता ने स्वप्न देकर करमडाली की पूजा करने को कहा। कर्मा ने ठीक वैसा ही किया और उसकी सारी सुख-समृद्धि वापस आ गई। हालांकि कर्मा-धर्मा से जुड़ी कई और कहानियां भी प्रचलित हैं। आधुनिकता के तमाम तामझाम के बावजूद इस पर्व की गरिमा आज भी बरकरार है।
मुख्यमंत्री ने दी बधाई
झारखंड के सीएम रघुवर दास ने प्रदेश के लोगों को प्रकृति पर्व करमा की बधाई दी है। कहा कि प्रदेश की पहचान व संस्कृति के मूल में प्रकृति पूजा है। हमारे आदिवासी भाई-बहन प्रकृति के संरक्षक रहे हैं, इसलिए इस पर्व को पूरे धूमधाम से मनाएं। सीएम ने कहा कि आज लोकगीतों पर ढोल-मांदर की थाप ऐसी पड़े की पूरा परिवेश झूम उठे। हर भाई अपनी बहनों को तीन करम की डाल दे, जिसे बहन भगवान के, समाज के और परिवार के नाम से रोपें। इसमें हमारे जीवन में प्रकृति और हरियाली के महत्व के साथ समस्त सृष्टि के प्रति कृतज्ञता बोध है। कहा कि हमें एकता व अखंडता के साथ पूरे प्रदेश को हरा-भरा बनाना है।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More