रांची: हर पंचायत मेें बनेगा खेल का मैदान: मुख्यमंत्री

रांची: मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि झारखंड के गांवों में खेल प्रतिभा छिपी पड़ी है। इसी प्रतिभा को उभारने के लिए कमल क्लब का गठन किया गया है। पंचायत से जिला स्तर पर कमल क्लब का गठन हो चुका है। इनका पंजीयन सोसाइटी एक्ट के तहत कराया जा रहा है, ताकि सरकार की योजनाओं का लाभ मिल सके। उनका लक्ष्य है कि झारखंड में भी राष्ट्रीय स्तर की फुटबॉल टीम बनें। इस बाबत अच्छे कोच की नियुक्ति करने के अलावे महिला फुटबॉल टीम भी हर पंचायत में बनाया जाएगा। मुख्यमंत्री गुरुवार को प्रोजेक्ट भवन में आहूत कार्यशाला मेें बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की प्रेक्टिस के लिए हर पंचायतों में खेलकूद के लिए मैदान बनाये जायेंगे। पहले चरण में हर प्रखंड के दो-दो पंचायतों में खेल के मैदान बनाये जायेंगे। इसकी शुरुआत अक्टूबर में एक साथ की जाएगी। संथाल परगना से पूरे राज्य में बनने वाले मैदानों का शिलान्यास किया जाएगा। मैदान को तार से घोरा जायेगा। इसमें खिलाड़ियों के लिए चेंजिंग रूम व शौचालय रहेगा। इसकी तैयारी में अभी से जुट जाएं। कमल क्लब के प्रखंड अध्यक्ष 15 सितंबर तक पंचायत का नाम और मैदान के लिए स्थल की जानकारी जिला अध्यक्ष को दे दें। जिला अध्यक्ष दो-तीन दिन में नाम राज्य सरकार के अधिकारियों को सौंप दें। अधिकारी जल्द से जल्द प्रक्रिया पूर्ण कर लें। कहा कि गरीबी और जानकारी के अभाव में हमारे खिलाड़ी पौष्टिक आहार नहीं खा पाते हैं। मुख्यमंत्री फुटबॉल आमंत्रण कप प्रतियोजिता में पंचायत, प्रखंड, जिला व राज्य स्तर पर विजेता टीम से सभी खिलाड़ियों (लगभग 18-19 हजार खिलाड़ी) को पौष्टिक आहार के लिए 1-1 हजार रुपये दिये जाएंगे।
मौके पर खेलकूद व युवा कार्य मंत्री अमर कुमार बाउरी ने कहा कि झारखंड पूरे देश में एक मात्र राज्य है, जहां पंचायत स्तर तक क्लब का गठन कर और उनका निबंधन कराकर खेलकूद को बढ़ावा दिया जा रहा है। एक प्रतियोगिता में इनती बड़ी संख्या में खिलाड़ियों के शामिल होने के मामले में भी झारखंड ने कीर्तिमान रचा है। कमल क्लब के सभी लोग राज्य के विकास में अपनी सकारात्मक भूमिका निभाए। कार्यक्रम में विभिन्न जिला व प्रखंड अध्यक्षों ने अपनी बातें रखीं व सरकार के प्रयास की सराहना की। इस दौरान विभाग के सचिव राहुल शर्मा, खेलकूद निदेशक अनिल कुमार सिंह सहित कई अधिकारी व लोग मौजूद थे।
लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More