रामगढ़: एआईएसएम पत्रकार एसोसिएशन द्वारा रविवार को सोशल मीडिया एवं साइबर क्राइम के विषय पर शहर के एक स्थानीय होटल में कार्यशाला का आयोजन किया गया। एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष अमित कुमार सिन्हा ने कहा सोशल मीडिया के पहलुओं के बाबत पत्रकारों को जागरुक होना चाहिए। इस दिशा में हमारा प्रयास लगातार जारी रहेगा।
इस मौके पर साईबर ठगी व होनेवाले अपराध को लेकर कई बातें वक्ताओं ने रखी। मौके पर राष्ट्रीय सचिव पीके बाजपेई, प्रदेश प्रभारी प्रीतम सिंह भाटिया, प्रेस क्लब रामगढ़ के अध्यक्ष मनोज कुमार सिंह एवं रामगढ़ प्रेस क्लब के संरक्षक महावीर अग्रवाल खास तौर पर मौजूद थे। अमित सिन्हा ने एसोसिएशन का पूरा विवरण वहां मौजूद पत्रकारों के बीच में रखा। प्रदेश सोशल मीडिया प्रभारी रितेश कश्यप ने कहा कि पत्रकारों को सोशल मीडिया का इस्तेमाल अपनी खबरों के लिए जरूर करना चाहिए। इसके अलावे सोशल मीडिया पर फेक न्यूज को जांचने की जानकारी दी गई। कहा कि सोशल मीडिया पर पत्रकारों को वैसी पोस्ट नहीं डालनी चाहिए जो समाज के हित में सही नहीं होता।
प्रदेश प्रभारी प्रीतम सिंह भाटिया ने बताया कि एसोसिएशन किसी भी दुर्घटना में यदि किसी पत्रकार की मृत्यु हो जाती है तो ऐसे में उनके परिजनों को 11 हजार की राशि प्रदान करने के अलावे सरकार से हर संभव सहायता कराने की कोशिश करेगा। प्रेस क्लब रामगढ़ के अध्यक्ष मनोज सिंह ने कार्यशाला को पत्रकारो के लिए हितकर बताया। संरक्षक महावीर अग्रवाल ने कहा कि पत्रकारों को निष्पक्षता के साथ खबर लिखनी चाहिए, तभी विश्वसनीयता बनी रहेगी। राष्ट्रीय सचिव पीके बाजपेई ने कहा कि एसोसिएशन हर छोटे- बड़े पत्रकारों के लिए है। कोई भी पत्रकार इससे आसानी से जुड़ सकता है। इस दौरान जमशेदपुर और रामगढ़ के दर्जनों पत्रकार ने सदस्यता ग्रहण की।