रांची: पंडित राजकुमार शुक्ल फाउंडेशन के बैनर तले राजधानी के डोरंडा स्थित संत जेवियर्स स्कूल में आज एक कार्यक्रम के दौरान दिल्ली पब्लिक स्कूल, रांची के प्राचार्य डाॅ राम सिंह ने कहा, कि इसकी जानकारी काफी कम लोगों को है, कि अंग्रेजी हुकूमत की पहली पराजय चंपारण में हुईं थी। 135 वर्ष के कानून को उसे संशोधन करना पड़ा, फिर बाद में बंद करना पड़ा। कहा कि इसके अलावे महात्मा गांधी का नाम महात्मा भी यहीं पड़ा।
डाॅ सिंह ने लोगों से आहवान किया कि इस महान पुरुष की त्याग, बलिदान, देश के प्रति प्रेम को यदि विस्तृत रूप में जानना हो तो अवश्य स्व राय प्रभाकर प्रसाद द्वारा लिखित उनके संघर्ष की कहानी को जरुर पढ़े। गांधीजी के 150 जन्मशती वर्ष व नील आंदोलन के जनक व चंपारण के गांधी नाम से प्रसिद्ध पंडित राजकुमार शुक्ल के 144 वें जन्मदिन के मौके पर कई जगहों से आये बुद्धिजीवियों, प्राचार्यों और शिक्षाविदों ने अपनी बात रखी। कार्यक्रम का संचालन फाउंडेशन के अध्यक्ष अजय राय ने किया। इस मौके पर झारखंड विधानसभा के संयुक्त सचिव मिथिलेश मिश्रा ने भारत के स्वतंत्रता आंदोलन में इन महानुभावों के योगदान के बारे में विस्तार से बताया। कहा कि एक निश्चित हिस्से में अनावश्यक रूप से किसानों द्वारा नील की खेती किये जाने वाले अंग्रेजों के आदेशों को महात्मा गांधी जी के सत्याग्रह की नींव डलवाने में योगदान देते हुए उन किसान विरोधी आदेशों को परिवर्तित कराया था। इस जनांदोलन को सफल बनाने के लिए पंडित राजकुमार शुक्ल ने अपनी जमीन जायजाद सहित सारी संपत्ति तक को बेच दिया था।
कार्यक्रम के दौरान आशा संस्थान के सचिव अजय जयसवाल ने अपनी संस्था द्वारा निराश्रित बालक बालिकाओं के विकास और उत्थान के लिए किए जा रहे उनके प्रयासों और क्रियाकलापों की विस्तारपूर्वक बताया। कहा कि किस प्रकार ईंट भट्ठे पर कार्यरत बाल मजदूरी के कुचक्र से निकली गई, कुछ बालिकाओं ने अपनी विलक्षण प्रतिभा का परिचय देते हुए परीक्षाओं में आशातीत सफलता पाकर सभी को चमत्कृत कर दिया है। इन्हीं बालिकाओं ने इस मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश कर वहां मौजूद लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। संत जेवियर्स स्कूल के प्राचार्य फादर अजित खेस ने इस मौके पर मौजूद विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। आईसीएल, दिल्ली के प्रदेश अध्यक्ष शशिकान्त शर्मा ने धन्यावाद ज्ञापन दिया। कार्यक्रम में के सुब्रमनियम,एन वेंकटेशन, एस रामन्ने, सोमेन सिंह चौधरी, एस संगोटीयन, फादर मोहिदीन, सुनील नागर, मुकेश साहू,विजय सिंह, अमित कश्यप, गौरव कुमार सहित कई लोग मौजूद थे।