सीसीएल की पहली ग्रामीण फुटबॉल प्रतियोगिता शुरु
रांची: सीसीएल द्वारा मंगलवार को करगली मैदान में ग्रामीण फुटबॉल टूर्नामेंट का आगाज सीएमडी गोपाल सिंह ने किया। उन्होंने इस बाबत अपने संबोधन में कहा, कि झारखंड के बच्चों में प्रतिभा कूट- कूट कर भरी है। यदि इन्हें समुचित अवसर मिले तो न सिर्फ अपने परिवार बल्कि झारखंड व देश का नाम रौशन करने का माद्दा रखते हैं।
[URIS id=9499]
सीएमडी ने कहा कि झारखंड की खेल प्रतिभा को तराशने की जिम्मेदारी हम सबकी है। उन्होंने सभी युवा प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि आप पूरी लगन, मेहनत व दृढ़ संकल्प के साथ लक्ष्य की ओर बढ़ें। इससे पूर्व उन्होंने खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त करने के बाद टुर्नामेंट का आरंभ बाॅल किक कर किया। सीएमडी ने खेल अकादमी, रांची से आये अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पदक विजेता फ्लोरेंस बारला का परिचय दिया। कहा कि झारखंड के खिलाड़ी को तराशा जाय, तो वे कहीं भी झंडा गाड़ सकते हैं। सीसीएल की प्राथमिकता ‘’ग्रामीण, गरीबों व श्रमिकों का सर्वागींण विकास है। खेल इसका महत्वपूर्ण माध्यम है। टूर्नामेंट में 16 टीमें बालक वर्ग व 2 टीम बालिका वर्ग में भाग ले रही हैं। इसमें बीएंडके, सीएसआर कमांड क्षेत्र के अंतर्गत विभिन्न गांवों की टीम हैं। सभी मैच नॉक आउट आधारित है व सभी में मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया जाएगा। आज उदघाटन मैच अरबिदों क्लब एवं बोकारो कोलियरी के बीच खेला गया। इस मौके पर सीसीएल के कई पदाधिकारी मौजूद थे।