झारखंड स्टार्ट अप हैकाथन 2019 संपन्न
15 को स्टार्टअप प्रोटोटाइप के तहत 93 लाख का ग्रांट मिला
6 विधाओं पर देशभर के 410 प्रतिभागियों ने लिया भाग, 6 पुरस्कृत
24 प्रतिभागियों को 21- 21 हजार देने की सीएम ने की घोषणा
बीआईटी सिंदरी, आईएसएम धनबाद और सेंट्रल यूनिवर्सिटी के साथ।
स्मार्ट झारखंड हुआ पुरस्कृत
रांची: तकनीक, ज्ञान व विज्ञान ने दुनिया को बदल कर रख दिया है और इसी का पूर्णतौर पर उपयोग करके हमें नया इंडिया व न्यू झारखंड का निर्माण करना है। 21वीं सदी में अपनी छाप छोड़ने के लिए कुछ ऐसा कर गुजरना है, कि विश्व इसे भारतीय सदी के रुप में जाने। मौजूदा समय में पूरे विश्व में भारतीय प्रतिभा की भरमार है और हममें वो क्षमता है कि दुनिया को नई दिशा दे सकें। उक्त बातें प्रदेश के मुख्यमंत्री रघुवर दास होटल बीएनआर चाणक्य में आहूत झारखंड स्टार्टअप हैकाथन-2019 के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि कही। इस दौरान सीएम ने स्टार्टअप हैकाथन- 2019 में बच्चों व युवाओं द्वारा लगाए गए प्रदर्शनी को देखकर इनके उत्पाद की सराहना की। मौके पर सचिव आईटी विनय कुमार चौबे, सचिव उद्योग के रवि कुमार, निदेशक आईटी उमेश प्रसाद शाह व अन्य अधिकारीगण मौजूद थे।
[URIS id=9499]
भारत युवाओं का देश, युवा हमारे अमूल्य मानव संसाधन
मुख्यमंत्री ने कहा कि स्टार्टअप के लिए व युवाओं की सोच को आकार देने हेतु राज्य सरकार स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने के लिए कटिबद्ध है, ये सरकार की प्राथमिकता है। इसी कारण से 2016 में स्टार्टअप पॉलिसी लागू की गई। युवाओं के नये विचार से उद्यमशीलता की जाना व रोजगार सृजन करना सरकार का लक्ष्य है। प्रधानमंत्री ने डिग्री लेकर घूम रहे युवाओं को एक दिशा देने के लिए स्टार्टअप पॉलिसी 2015 लागू की ताकि युवा अपने नए आइडिया से दुनिया को चौंका दें। 2015 से पूर्व अगर इस दिशा में कार्य होते तो आज भारत की स्थिति कुछ और होती। लेकिन किसी ने इस ओर ध्यान नहीं दिया।
युवा अपनी सोच को मूर्तरूप दें सकें
मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव डॉ सुनील कुमार वर्णवाल ने कहा कि राज्य सरकार ने स्टार्टअप पॉलिसी बनाई ताकि युवा अपनी सोच को मूर्तरूप दे सकें। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में झारखंड में स्टार्टअप के लिए सर्वश्रेष्ठ इकोसिस्टम के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। स्टार्टअप पॉलिसी के तहत युवाओं को उनके नए आइडिया को आकार देने हेतु प्रोत्साहित किया जाता है। उनके द्वारा शिक्षा के लिए गए लोन का इंटरेस्ट सरकार वहन करती है। पॉलिसी में ऐसे प्रावधान रखे गए, जिससे युवाओं को उनके नए आइडिया पर कार्य करने में परेशानी ना हो। इस तरह का आयोजन हर वर्ष हो और बच्चे, युवा और समाज को कुछ अलग करने का मौका मिले एवं वे अपने हुनर को मुकाम दे सकें।