यूपी : बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे का आज उद्घाटन करेंगे पीएम मोदी

लखनऊ :  पीएम मोदी शनिवार यानि आज यूपी के जालौन जिले में बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही चित्रकूट से इटावा तक बुंदेलखंड के सात जिले एक्सप्रेस वे के माध्यम से दिल्ली और लखनऊ से सीधे जुड़ जायेंगे। पीएम ने फरवरी 2020 में इसका शिलान्यास किया था। बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे निर्माण की अनुमानित अवधि से आठ महीने पहले बनकर तैयार हाे गया है। इसे 28 माह में बना लिया गया है।

लोकार्पण समारोह में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल और राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित केन्द्र एवं राज्य सरकार के अन्य मंत्री एवं वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे। एक्सप्रेस वे के उद्घाटन की तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं। मुख्यमंत्री योगी सहित वरिष्ठ अधिकारी उद्घाटन कार्यक्रम की तैयारियों का पहले ही जायजा ले चुके हैं। सरकार का दावा है कि एक्सप्रेस वे के उद्घाटन के साथ ही विकास की राह पर सरपट दौड़ने लगेगा।

296 किमी लंबा है बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे : दिल्ली और लखनऊ से सीधे जोड़ने वाले 296 किमी लंबे बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे के जरिये दिल्ली से चित्रकूट तक की 630 किमी की दूरी तेज गति से तय की जा सकेगी। विभिन्न एक्सप्रेस वे के जरिये दिल्ली से चित्रकूट तक की 630 किमी की दूरी को पूरा करने में बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे की हिस्सेदारी 296 किमी रहेगी। जबकि, डीएनडी फ्लाईवे नौ किमी, नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस वे 24 किमी, यमुना एक्सप्रेस वे 165 किमी और आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस वे 135 किमी की हिस्सेदारी निभायेंगे।

दिल्ली सहित अन्य राज्यों को भी जोड़ेगा बुंदलेखंड एक्सप्रेस वे : लोगों को दिल्ली सहित अन्य राज्यों से भी बुंदलेखंड एक्सप्रेस वे जोड़ेगा। इससे चित्रकूट, बांदा, महोबा, हमीरपुर, जालौन, औरैया और इटावा जिलों के लोग सीधे तौर पर लाभान्वित होंगे। सरकार का कहना है कि बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे इस इलाके की कनेक्टिविटी में सुधार के साथ आर्थिक विकास को भी बढ़ावा देगा। बांदा और जालाैन में एक्सप्रेस वे के किनारे औद्योगिक कारिडोर भी बनाया जा रहा है। इसके लिए सलाहकार एजेंसी का चयन हो चुका है। उद्योग लगने से लोगों को स्थानीय स्तर पर रोजगार भी मिलेगा। एक्सप्रेस वे के आरओडब्ल्यू के तहत लगभग सात लाख पौधे रोपे जा रहे हैं।

लेखक के बारे में

By Samridh Jharkhand

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More