साहिबगंज के 45 सरकारी स्कूल बने ‘स्वच्छता के चैंपियन’, CM पुरस्कार के लिए चयनित

साहिबगंज: जिले के 45 सरकारी विद्यालयों ने स्वच्छता के मामले में बाजी मार ली है। मुख्यमंत्री स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार 2025-26 के लिए इन 45 स्कूलों का चयन हुआ है। जल्द ही विभागीय समारोह में इन्हें पुरस्कृत किया जाएगा। स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग और झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद ने पिछले दिनों ऑनलाइन सीएम स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार 2025-26 का आयोजन किया था।
कार्यक्रम का उद्देश्य स्कूलों में स्वच्छता, स्वास्थ्य और हाइजीन के मानकों को बढ़ावा देना था। इसके तहत इन विद्यालयों में पीने का साफ पानी, शौचालयों की उपलब्धता और साफ-सफाई, हैंडवॉश सुविधा, मासिक धर्म प्रबंधन, स्कूल सुरक्षा और पर्यावरण अनुकूलन जैसे मुद्दों का मूल्यांकन हुआ।
सभी विद्यालयों से ऑनलाइन आवेदन मंगाए गए। यू- डायस कोड और ‘बेंचमार्क ऐप’ या स्वच्छ विद्यालय एप पर डाटा अपलोड कर डिजिटल मूल्यांकन हुआ। राज्यस्तरीय टीम ने ग्राउंड पर जाकर जांच की। इसके बाद ‘फाइव-स्टार’ रेटिंग वाले स्कूलों को पुरस्कार के लिए चुना गया।
जिले के कुल 45 विद्यालयों का चयन 5 स्तरों पर हुआ, जिसमें राज्य स्तर के 03 विद्यालय, प्रमंडल स्तर के 01 विद्यालय, शहरी स्थानीय निकाय स्तर के 03 विद्यालय, प्रखंड स्तर के 09 विद्यालय और पंचायत स्तर के 29 विद्यालय का चयन हुआ है। विजेता विद्यालयों को श्रेणी के अनुसार 10,000 रुपये से लेकर 2 लाख रुपये तक की पुरस्कार राशि दी जाएगी।
यह राशि सीधे स्कूल प्रबंधन समिति के बैंक खाते में भेजी जाएगी। विद्यालय प्रबंधन इस राशि से स्कूल के विकास कार्य, साफ-सफाई, पानी-शौचालय की मरम्मत और हाइजीन सुविधाएं और बेहतर करेंगे। चयनित 45 विद्यालयों को आगामी राज्य, जिला और प्रखंड स्तरीय समारोह में सम्मानित किया जाएगा।




