ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ा क्रिकेट का क्रेज

गावां(गिरिडीह): क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट टी-20 के चलन और आईपीएल की बढ़ती लोकप्रियता और चकाचौंध का असर अब गांव-कस्बों में भी देखने को मिलने लगा है। क्रिकेट की खुमारी लोगों के जेहन में इस कदर छाई है कि लोग पारंपरिक खेलों को छोड़ बस क्रिकेट के दीवाने हो गए हैं। या यूं कहें अब तो बच्चों के बीच खेल का मतलब ही क्रिकेट हो गया है।
सुदूरवर्ती प्रखंड गावां में भी क्रिकेट का जुनून युवाओं पर इस कदर छाया है कि यहां आईपीएल की तर्ज पर ही जीपीएल क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन वर्ष 2016 से लगातार होता चला आ रहा है। 5 अप्रैल से जीपीएल सीजन थ्री का शुभारंभ होगा।
बता दें कि जीपीएल क्रिकेट टूर्नामेंट बल्किुल देश के चर्चित क्रिकेट टूर्नामेंट आईपीएल की फोटो कॉपी की तरह होती है। बस इस टूर्नामेंट में चीयरलीडर्स नहीं नाचती बाकी टीम स्पॉन्सर से लेकर खिलाड़ियों का चयन तक आईपीएल की भांति बोली लगाकर की जाती है।
प्रखंड की आठ टीम बनेगी जीपीएल का हिस्सा:
जीपीएल सीजन थ्री में प्रखंड के विभिन्न खेल प्रेमियों ने अपने-अपने गांव के नाम पर कुल आठ टीमों को खरीद कर टूर्नामेंट का हिस्सा बना रही है। जिसमें गावां सोनी किंग्स इलेवन, चरकी सुपर किंग्स, कंप्यूटर पैलेस गावां, एन एल पब्लिक स्कूल पिहरा, सेरुआ सुपर किंग्स, नवलक्ष्य मालडा मास्टर्स, केडी निर्मल गैस गावां व बिरने इंडियंस के नाम शामिल हैं।
प्रखंड के सवा सौ क्रिकेटरों की होगी निलामी
प्रखंड के चुनिंदा सवा सौ क्रिकेटरों में से ही टीम मालिक सह स्पांसर बोली लगाकर अपनी टीम को चुनेंगे। नियमानुसार कोई भी टीम मैनेजमेंट प्रखंड के बाहर के खिलाड़ी को टीम में नहीं चुन सकते। जीपीएल आयोजन समिति में रजिस्टर्ड प्रखंड के सवा सौ खिलाड़ियों में से ही उन्हें अपनी टीम बनानी होगी। टीम को चुनने के लिए टीम मैनेजमेंट ज्यादा से ज्यादा साढ़े आठ हजार की ही राशि खर्च कर सकते हैं। इसी राशि को ध्यान में रखकर उन्हें खिलाड़ियों की निलामी में भाग लेना होगा।
विजेता को 30 हजार व उपविजेता को 20 हजार का इनाम:
टूर्नामेंट में भाग ले रही कुल आठ टीमों को ग्रुप में 3-3 मैच खेलने का मौका मिलेगा। यहां से टॉप चार स्थान लानेवाली टीमें अगले राउंड के लिए क्वालीफाई करेगी। पहले व दूसरे स्थान लाने वाली टीम को फाइनल में प्रवेश करने का दो मौका मिलेगा। इसके लिए एलिमिनेटर मैच आईपीएल के नियमानुसार होगा। मैच दस-दस ओवर का होगा। टूर्नामेंट में विजेता टीम को 30 हजार व उपविजेता टीम को 20 हजार की नगद पुरस्कार में साथ एक-एक आकर्षक ट्रॉफी भी मिलेगी। इसके अलावा टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के लिए मैन ऑफ द मैच व मैन ऑफ द सीरीज के पुरस्कार का भी वितरण होगा।




