Garhwa News: बरडीहा में स्वतंत्रता दिवस की तैयारियां पूरी, 15 अगस्त को तय समय पर होगा झंडोतोलन

गढ़वा जिले के बरडीहा प्रखंड में स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रखंड विकास पदाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, पंचायत प्रतिनिधियों और शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में 15 अगस्त को होने वाले झंडोतोलन कार्यक्रम की समय-सारणी निर्धारित की गई।
गढ़वा: आगामी 15 अगस्त 2026 को स्वतंत्रता दिवस का पावन पर्व प्रखंड बरडीहा में संपूर्ण गरिमा, देशभक्ति और उल्लास के साथ मनाने की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी, बरडीहा की अध्यक्षता में एक विशेष समीक्षा-सह-तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रखंड के सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी परिसरों, शैक्षणिक संस्थानों, स्वास्थ्य केंद्रों एवं पंचायत सचिवालयों में भव्य एवं समयबद्ध रूप से झंडोतोलन का कार्यक्रम संपन्न कराया जाएगा।
इस समीक्षा बैठक में प्रमुख प्रतिनिधि ललन राम, उप प्रमुख सत्येंद्र पासवान, बीस सूत्री अध्यक्ष, प्रखंड की सभी पंचायतों के मुखिया, बीआरसी से बीपीएम कविता देवी, आवासीय बालिका विद्यालय की वार्डन संध्या कुमारी सहित प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य मुख्य रूप से उपस्थित थे।




