‘देश गृहयुद्ध की ओर बढ़ रहा है, इसे बचाएं’, धीरेंद्र शास्त्री की चेतावनी के बीच 500 किमी की रथयात्रा शुरू

छतरपुर: बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि चाहे जितने विरोधी आ जाएं, प्राण चले जाएं तो भी धर्म नहीं छोड़ना है। अगर हम सब एक नहीं हुए तो आने वाले 20 साल में हमारी स्थिति खराब होगी। देश गृहयुद्ध की ओर बढ़ रहा है। इसे गृहयुद्ध से बचाएं।

पंडित धीरेंद्र शास्त्री सनातन हिंदू एकता रथयात्रा में शामिल श्रद्धालुओं को संबोधित कर रहे थे। यह रथयात्रा रविवार को छतरपुर जिले के गढ़ा स्थित बागेश्वर धाम से शुरू हुई। करीब 500 किलोमीटर लंबी यह यात्रा बुंदेलखंड के पांच जिलों से होकर गुजरेगी। निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, 15 अक्टूबर को टीकमगढ़ में यात्रा का समापन होगा। इस बार पदयात्रा के बजाय रथ के माध्यम से आयोजन किया जा रहा है।

हनुमान चालीसा और राष्ट्रगान के साथ शुरुआत

पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की सनातन हिंदू एकता रथयात्रा की शुरुआत हनुमान चालीसा के पाठ और राष्ट्रगान के साथ हुई। इसके बाद रथ मंडला पहुंचा और वहां से पन्ना जिले की सीमा में प्रवेश किया। छतरपुर और पन्ना को जोड़ने वाले मंडला पुल पर विधायक ब्रजेंद्र प्रताप सिंह ने यात्रा का स्वागत किया। महिलाएं सिर पर कलश रखकर स्वागत के लिए खड़ी थीं। पूजा नाम की महिला ने बागेश्वर बाबा का स्वागत किया।

मंडला से यात्रा कच्चे रास्ते से हरसा और बघोआ होते हुए पन्ना जिले के अजयगढ़ पहुंची। पहले दिन करीब 120 किलोमीटर का सफर तय करने के बाद पन्ना में रात्रि विश्राम की व्यवस्था की गई। यात्रा में सबसे आगे बालाजी, उसके पीछे शास्त्री का रथ और फिर समर्थकों के वाहनों का लंबा काफिला चल रहा था। श्रद्धालुओं ने बुलडोजर और जेसीबी पर खड़े होकर फूल बरसाए। यात्रा के साथ बागेश्वर धाम की भगवा रंग में रंगी एंबुलेंस भी चल रही हैं।

सात संकल्प दोहराए गए

दिनभर करीब 18 घंटे की यात्रा के बाद शास्त्री ने अजयगढ़ में आशीर्वचन दिए। इस दौरान सात संकल्प दोहराए गए। आयोजकों के मुताबिक, यात्रा में करीब 300 वाहनों और लगभग पांच हजार लोगों के शामिल होने का अनुमान है। विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं के स्वागत, संबोधन और धार्मिक कार्यक्रमों की व्यवस्था की गई है।

यात्रा के दौरान लोगों को सात संकल्प दिलाने की योजना है। इनमें भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने, जातिवाद और छुआछूत समाप्त करने, गोमाता को राष्ट्र माता का दर्जा दिलाने, अवैध धर्मांतरण और लव जिहाद पर रोक लगाने, प्रमुख तीर्थस्थलों के संरक्षण, नई पीढ़ी को सनातन संस्कारों से जोड़ने और हिंदुओं की एकजुटता से जुड़े संकल्प शामिल हैं।

बोले- रास्ता खराब था, मन खराब नहीं

पन्ना पहुंचने के बाद दिनभर के अनुभव साझा करते हुए पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि कमईठा, चंदनगर और मड़ला होते हुए केन नदी पार कर वे यहां पहुंचे। उन्होंने इस अनुभव को अद्भुत और दिव्य बताया। शास्त्री ने कहा कि सनातनियों में जागृति देखकर उनका हृदय द्रवीभूत हुआ और मन प्रसन्न हुआ। उन्होंने कहा, “रास्ता जरूर खराब था, मन खराब नहीं।”

हिंदू समाज को एकजुट करने का संदेश

धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य हिंदू समाज को एकजुट करना और जाति-पाति, छुआछूत तथा सामाजिक भेदभाव की दीवारों को समाप्त करने का संदेश देना है। यात्रा के दौरान अलग-अलग स्थानों पर प्रवचन और धार्मिक आयोजन भी किए जाएंगे।

रथ के रूप में तैयार की गई वैनिटी वैन

इस बार धीरेंद्र शास्त्री हाइड्रोलिक लिफ्ट से सुसज्जित वैनिटी वैन में यात्रा कर रहे हैं। इसे रथ का स्वरूप दिया गया है, ताकि वे ऊंचाई पर पहुंचकर श्रद्धालुओं को संबोधित कर सकें। वाहन पर धार्मिक प्रतीक बनाए गए हैं और सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं।

सुरक्षा के लिए पुलिस की विशेष व्यवस्था

यात्रा को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के इंतजाम किए हैं। जरूरत के अनुसार अतिरिक्त पुलिस बल, ड्रोन, सीसीटीवी वाहनों और अन्य सुरक्षा संसाधनों की मदद ली जा रही है। यात्रा मार्ग पर भीड़ को नियंत्रित करने और वाहनों की आवाजाही सुचारु रखने के लिए व्यवस्था बनाई गई है।

लेखक के बारे में

By Mohit Sinha

Mohit Sinha is a writer associated with Samridh Jharkhand. He regularly covers sports, crime, and social issues, with a focus on player statements, local incidents, and public interest stories. His writing reflects clarity, accuracy, and responsible journalism.

Read More